![]()
नूंह जिला के फिरोजपुर झिरका शहर में बीते दिनों एक खतरनाक वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी थी। एक ओवरलोड डम्पर चालक ने पुलिस को देखकर न केवल वाहन रोकने से इनकार किया बल्कि पुलिसकर्मियों पर डंपर चढ़ाने की कोशिश की। यही नहीं, आरोपी चालक ने मुख्य मार्ग पर चलते-चलते डम्पर का जैक उठाकर सरेआम सड़क पर पत्थर गिरा दिए जिससे मार्ग बाधित हो गया और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। नूंह पुलिस ने इस मामलें में आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। जिसकी पहचान सद्दाम पुत्र हनीफ निवासी गांव घुसपैठी थाना सदर तावड़ू के रूप में हुई है। 25 अगस्त को चेकिंग के दौरान हुआ हादसा पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गत 25 अगस्त को पुलिस की एक टीम शहीद पार्क चौक, फिरोजपुर झिरका पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक हाईवा डम्पर चालक पुलिस को देखकर बड़ी तेज गति और लापरवाही से वाहन को घुमा कर अम्बेडकर चौक की ओर भाग गया। पुलिस ने जब उसका पीछा किया तो चालक ने न केवल रुकने से इनकार किया बल्कि जानबूझकर डम्पर को पुलिस जवान के ऊपर चढ़ाने की कोशिश की। इसके बाद उसने डम्पर का जैक उठाकर ओवरलोड पत्थर सड़क पर गिरा दिए, जिससे सड़क पर भारी अवरोध पैदा हो गया। सड़क पर अफरा तफरी का माहौल बना अचानक हुए इस घटनाक्रम से स्थानीय लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई। पत्थरों के सड़क पर बिखर जाने से आम लोगों का आवागमन बाधित होने के साथ-साथ काफी देर तक जाम जैसी स्थिति बनी रही। इसी दौरान डम्पर बिजली की लाइन से टकरा गया, जिससे तार टूटकर नीचे गिर गए और लोगों की जान पर भी खतरा मंडराने लगा। सौभाग्य से किसी की जान नहीं गई, लेकिन राहगीरों और पुलिसकर्मियों ने बड़ी सूझ-बूझ से अपनी जान बचाई। प्रवक्ता ने बताया कि जांच में डंपर नंबर के आधार पर डम्पर चालक की पहचान सद्दाम पुत्र हनीफ निवासी घुसबैठी, थाना सदर तावडू के रूप में हुई।आरोपी के भाई ने संबंधित हाईवा गाड़ी भी पुलिस को सौंप दी,जिसे कब्जे में लिया गया।


