![]()
पानीपत जिले में जमीनी विवाद को लेकर करीब 45 वर्षीय व्यक्ति को गोली मारने का मामला सामने आया है। जिसमें व्यक्ति के पैर और पेट में गोली लगी है। व्यक्ति के भाई ने आरोप लगाते हुए बताया कि तेजबीर चहल ने अपने दर्जनों साथियों के साथ सौंधापुर चौक पर वारदात को अंजाम दिया, जो कि जमीन पर जबरदस्ती कब्जा करने आए थे। फिलहाल घायल व्यक्ति को पानीपत के प्रेम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां डॉक्टरों द्वारा व्यक्ति की हालत अभी गंभीर बताई जा रही है। वहीं मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। सभी आरोपी हथियारों के साथ पहुंचे जानकारी देते हुए शांति नगर के रहने वाले सुरेंद्र के भाई धर्मराज ने बताया कि सुनील सलूजा और तेजबीर सिंह ने सौंधापुर के पास राधा कृष्ण स्कूल के पास स्थित कॉलोनी में गड्ढे खुदवा दिए, हमने वो गड्ढे बंद करवा दिए। उसके बाद बोले कि ये हमने फिर से खुदवा दिए और आ जाओ। हम वहां पहुंचे, हम लड़ाई के मूड में नही थे। मौके पर उनकी तीन गाड़ियां भरकर आई, सभी के पास हथियार था। सभी ने ताबड़तोड़ फायरिंग की धर्मराज ने बताया कि तेजबीर, नीटू और सुमित रोड के पास भी हथियार था। उन्होंने आते ही फायरिंग शुरू कर दी। 17-18 फायर किए, जिसमें सुरेंद्र के पैर और पेट में गोली लगी है और सिर में चोट मारी है। दो गोलियां मेरे कान के पास से भी गई है। एक आरोपी शांति नगर का रहने वाला है और एक सेक्टर 13-17 का निवासी है। वहीं एक खुखराने का और एक ऊंटला कर रहने वाला है। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस इस संबंध में मॉडल टाउन थाना प्रभारी जगमेंद्र सिंह ने कहा कि मामले में जांच की जा रही है और परिजनों की शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। व्यक्ति को पेट और पैर में दो गोली लगी है, जिसका प्रेम अस्पताल में इलाज जारी है।


