![]()
कैथल में धूप का लघु उद्योग लगाकर मोटा मुनाफा कमाने की लालच देकर तीन आरोपियों ने एक व्यक्ति व उसके साथियों से 33 लाख 84 हजार रुपए हड़प लिए। आरोपियों ने कच्चा माल भी खुद देने का आश्वासन दिया था, लेकिन माल तैयार होने के बाद एग्रीमेंट व रुपए देने से मुकर गए। साथ ही धमकी दी कि रुपए मांगे तो परिवार सहित जान से मार देंगे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। धूप बनाने का कर रहे थे काम जनकपुरी काॅलोनी कैथल निवासी प्रवीन कुमार ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दी कि वह और गांव छौत निवासी राजबीर धूप के कप बनाने का काम करते थे। मार्च 2025 में हांसी निवासी अभियंत संधु उनके डिफेंस कॉलोनी स्थित कार्यालय में आया। अभियंत संधु ने उसे कहा कि अगर हमसे अधिक मात्रा माल लेकर बनाओगे तो अधिक पैसा मिलेगा। कच्चा माल भी अभियंत ने देने की बात कही। साथ ही तैयार हुआ माल भी लेने की बात कहकर समझाया कि कच्चा माल की एवज में आपको 50 लाख रुपए सिक्योरिटी जमा करवानी पड़ेगी। जब काम बंद करोगे तो सिक्योरिटी वापस कर दी जाएगी। सिक्याेरिटी के पैसे जमा करवाए आरोपी ने कहा कि वह एक महीने में 10 टन कच्चा माल देगा व 190 रुपए प्रति किलो बनवाई मिलेगी। माल तैयार कर वापस दोगे तो मैं तुम्हें मजदूरी बनवाई के रूप में 190 रुपए प्रति किलो के हिसाब से दूंगा। वे आरोपी की बातों में आ गए और अभियंत ने सिक्योरिटी के पैसे जमा करवाने के लिए अपनी फर्म उडान ट्रेडर्स का गुगल पे का नंबर दे दिया। उसने व उसके साथियों प्रवीन, गुलाब व पवन ने मिलकर 22 अप्रैल से 18 जून तक आरोपी को लगभग 33 लाख 84 हजार रुपए जमा करवा दिए। इस पर आरोपी ने उनके पास 10 टन माल भेज दिया और कहा कि अगले महीने और 9 टन माल देगा। उसने व उसके साथियों ने 10 टन माल के कप बना कर आरोपी को सूचित कर दिया और तैयार माल आरोपियों के दिए पते पर भेज दिया। पूरी रकम एक साथ देने की बात कही जब उसने व उसके साथियों ने तैयार माल की लेबर के 18 लाख रुपए मांगे तो आरोपी ने कहा कि आपने सिक्योरिटी 50 लाख की राशि में से कम रुपए दे रखे हैं। उसमें एडजस्ट होकर आपकी सिक्योरिटी राशि पूरी हो गई है। आगे जो माल आएगा उसकी मजदूरी आपको अदा कर दी जाएगी। अगले महीने आरोपियों ने 7 टन माल भेज दिया। 26 जुलाई 2025 को इस माल को लेने के लिए आरोपी अभियंत के साथी दीपक और विकास आए। यहां आकर आरोपियों ने अपनी मजदूरी के लिए राशि व एग्रीमेन्ट लिखने के लिए उनको हांसी बुलाया। झूठा आश्वासन देकर माल ले गए झूठा आश्वासन देकर वे माल साथ ले गए। साथ में 5 टन कच्चा माल और दे गए व कहा कि इकट्ठी मजदूरी दे देंगे। उन्होंने 5 टन माल के कप बना कर सूचित किया तो अभियंत ने कहा कि वह जल्द ही उनके पास एग्रीमेन्ट लिखवा कर आ रहा है और हिसाब कर देगा। जब वे 28 जुलाई को हांसी में आरोपियों के पास गए तो उनको कैथल आने और आकर सभी काम पूरे करवाने का आश्वासन दिया। 29 जुलाई तीनों आरोपी कैथल आए और आकर इधर-उधर की बातें करके बाेले कि वे कोई एग्रीमेंट नहीं करना चाहते और न ही उनके साथ कोई काम करना। उन्होंने तो 50 लाख रुपए हड़पने थे, जो हड़प लिए। आपसे जो बनता है कर लो। ज्यादा कुछ किया या पुलिस को बताया तो सारे परिवार को जान से मार देंगे। तुम तीनों को तो एक घंटे में ही उड़वा देंगे। उनका साथी विकास बड़ा वकील है और ऊपर तक पहुंच है। ऐसा करके आरोपियों ने उनसे 33 लाख 84 हजार रुपए हड़प लिए। सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी विरेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।


