![]()
रोहतक में ग्रीवांस कमेटी की मीटिंग 12 सितंबर यानि शुक्रवार को जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए हॉल में आयोजित की जाएगी, जिसमें विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार मुख्यातिथि के रूप में शिरकत करेंगे। ग्रीवांस कमेटी की मीटिंग में लोगों की शिकायतों का निपटारा किया जाएगा। ग्रीवांस कमेटी की मीटिंग में 19 एजेंडे रखे जाएंगे, जिनका मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाएगा। इस मौके पर कांग्रेस के विधायक भारत भूषण बतरा, शकुंतला खटक, मेयर रामअवतार वाल्मीकि के साथ डीसी सचिन गुप्ता, एसपी नरेंद्र बिजारणिया व अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे। मीटिंग में सरकारी विभागों से संबंधित हैं शिकायत
मीटिंग के दौरान सरकारी विभागों से संबंधित शिकायतों को रखा जाएगा, जिनका मंत्री कृष्ण लाल पंवार समाधान करेंगे। वहीं, शिकायतों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश भी दिए जाएंगे। 19 शिकायतों में से कुछ शिकायत पुरानी भी है, जिनकी रिपोर्ट अधिकारियों से तलब की जाएगी। 11 अगस्त को नहीं पहुंचे थे ग्रीवांस कमेटी में मंत्री
पिछली ग्रीवांस कमेटी की मीटिंग 11 अगस्त को आयोजित की गई, जिसमें मंत्री कृष्ण लाल पंवार नहीं पहुंच पाए। ऐसे में तत्कालीन डीसी ने ही ग्रीवांस की मीटिंग ली और 16 शिकायतों को सुना। साथ ही अधिकारियों को समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए थे।


