![]()
पलवल में एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मारी दी, जिससे शुक्रवार को बाइक सवार की मौत हो गई। हादसा गुरुवार को नेशनल हाईवे-19 पर पुलिस लाइन के सामने हुआ। बाइक सवार मामा-भांजे होडल से पलवल लौट रहे थे। हादसे में मामा दीपक सिंह की मौत हो गई, जबकि भांजा भोला कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक के भाई पंकज कुमार सिंह ने बताया कि दीपक और भोला बाइक से होडल से पलवल आ रहे थे। पुलिस लाइन के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रशासन की गाड़ी ने घायलों को तुरंत जिला नागरिक अस्पताल पलवल पहुंचाया। हालत नाजुक देखते हुए दोनों को दिल्ली एम्स के ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान दीपक सिंह की मौत हो गई। भोला कुमार सिंह की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। सदर थाना पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ट्रक नंबर के आधार पर वाहन और ड्राइवर की तलाश कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।


