![]()
हरियाणा के नारनौल में गांव कोरियावास में बने महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की 100 सीटों पर एडमिशन शुरू होने की प्रक्रिया के बाद अब इस कॉलेज में सीनियर रेजिडेंट भी लगाए जाएंगे। जिसके चलते 69 पदों की भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए हैं। ऐसे में जिला में स्वास्थ्य सेवाओं में काफी सुधार होने की उम्मीद जगी है। गांव कोरियावास में सरकार ने 800 बेड का मेडिकल कॉलेज बनाया है। इस मेडिकल कॉलेज के निर्माण में 725 करोड़ रुपए की लागत आई है। मेडिकल कॉलेज में एक मई से ओपीडी सेवाएं शुरू हो गई थी। जिसके तहत जिला नागरिक अस्पताल, रेवाड़ी तथा नूहं के नल्हड़ मेडिकल कॉलेज से स्टाफ बुलाकर यहां पर ओपीडी की शुरुआत की गई थी। इसके बाद कुछ पदों के लिए यहां पर भर्ती की गई थी। मगर अभी भी यहां पर डाक्टरों के अनेक पद खाली हैं। अस्थाई आधार पर होगी भर्ती महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज कोरियावास के निदेशक द्वारा जारी विज्ञापन में कॉलेज में अस्थायी आधार पर 69 सीनियर रेजिडेंट पदों पर भर्ती की जा रही है। सीनियर रेजिडेंट पदों का कार्यकाल एक वर्ष के लिए है। जिसके बाद उनका कार्यकाल तीन वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है। चिकित्सा सेवाओं में होगा सुधार महर्षि च्यवन मेडिकल कॉलेज में डाक्टरों की भर्ती के बाद जिला में स्वास्थ्य सेवाओं में काफी सुधार होगा। इससे मेडिकल कॉलेज में ओपीडी की संख्या बढ़ेगी। वहीं लोगों को अपना इलाज कराने के लिए जयपुर, दिल्ली या रोहतक जाने की आवश्यकता नहीं होगी।


