![]()
भिवानी जिले के लोहारू में किसानों का प्रदर्शन जारी है। अखिल भारतीय किसान सभा भिवानी के नेतृत्व में किसानों ने मंगलवार को एसडीएम मनोज दलाल को ज्ञापन सौंपा। किसानों का कहना है कि सहकारी समितियों में डीएपी और एनपीके जैसे गुणवत्तापूर्ण उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध नहीं हैं। समय पर खाद न मिलने से फसल उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन से समाधान की मांग किसानों ने प्रशासन से उर्वरक आपूर्ति की समस्या का तुरंत समाधान करने की मांग की है। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर पिछले 62 दिनों से किसान एसडीएम कार्यालय परिसर में दिन-रात धरने पर बैठे हैं। उनकी मुख्य मांग कपास फसल 2023 का बीमा क्लेम जारी करने की है। किसान नेताओं का कहना है कि बार-बार आश्वासन के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो रहा है। आंदोलन तेज करने की चेतावनी सरकार और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। किसानों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। उनका कहना है कि जब तक कपास बीमा क्लेम की राशि उनके खातों में नहीं आती और उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं होती, तब तक उनका धरना जारी रहेगा।


