![]()
करनाल में आज यानी मंगलवार को पंजाब नेशनल बैंक में रिटायर्ड कृषि अधिकारी से 80 हजार रुपए की चोरी करने वाली दोनों शातिर महिलाओं को सीआईए-3 पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गहनता से पूछताछ की और उनके पास से 15 हजार रुपए की रिकवरी भी की। मंगलवार को दोनों महिलाओं को करनाल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। कृषि विभाग से रिटायर्ड डॉ. राजेंद्र सिंह बीती 24 जुलाई को घरौंडा के रेलवे रोड स्थित पीएनबी बैंक पहुंचे थे। उन्होंने कैश काउंटर से करीब 80 हजार रुपए निकाले और अपने कंधे पर टंगे बैग में रख लिए। उसी समय कैशियर ने उन्हें बताया कि उनके लॉकर में 1300 रुपए पेंडिंग हैं। डॉ. सिंह ने कहा कि वे यह रकम भी यहीं जमा कर देंगे और इसके लिए फॉर्म भरकर लाइन में लग गए। इसी बीच दो महिलाएं, जो पहले से बैंक में मौजूद थीं, धीरे-धीरे उनके पास आकर खड़ी हो गईं। एक महिला पीले कपड़े पहने बाईं ओर और दूसरी नीले कपड़े पहने पीछे खड़ी हो गई। तेजधार चीज से बैग काटकर निकाले रुपए
जैसे ही डॉ. सिंह काउंटर पर पहुंचे, पीछे खड़ी महिला ने बड़ी सफाई से किसी तेजधार चीज से उनके बैग में कट मारा और उसमें रखे 80 हजार रुपए निकाल लिए। दोनों महिलाएं रुपए निकालते ही तेजी से बैंक से बाहर निकल गईं। डॉ. सिंह जब काउंटर से हटे और आदतन बैग को चेक किया तो उसमें कट लगा मिला और पैसे गायब थे। उन्हें तुरंत समझ आया कि उनके साथ चोरी हो चुकी है। उन्होंने तुरंत बैंक मैनेजर को बताया और मौके पर पुलिस को सूचना दी। वारदात के बाद बैंक के सीसीटीवी कैमरे चेक किए गए। उसमें दोनों महिलाएं साफ नजर आ रही थीं। उन्होंने खुद को सामान्य ग्राहक के रूप में पेश किया और मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। फुटेज में दोनों महिलाएं बैंक से बाहर निकलने के बाद जीटी रोड की ओर जाती दिखीं। पुलिस ने फुटेज खंगाले तो आसपास के कैमरों में भी महिलाएं भीष्म मार्ग से जाती नजर आईं। इसी के बाद जांच की दिशा तय हुई और पुलिस की टीमें सक्रिय हुईं। सीआईए-3 ने गुड़गांव से दबोची महिलाएं
घरौंडा पुलिस और सीआईए की टीम लगातार सुराग जुटा रही थी। जांच अधिकारी एएसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि सोमवार को गुप्त सूचना मिली कि चोरी करने वाली महिलाएं गुड़गांव के शीतला माता मंदिर राजीव नगर इलाके में हैं। करनाल पुलिस की क्राइम यूनिट सीआईए-3 ने एएसआई प्रदीप कुमार की अगुआई में छापेमारी की और दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान ललिता सिसोदिया निवासी गांव गुलखेड़ी जिला राजगढ़, मध्य प्रदेश और रिहाना निवासी कड़ियां सांसी जिला राजगढ़, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने उनसे 15 हजार रुपए भी बरामद किए। सीआईए टीम ने मंगलवार को दोनों को करनाल कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस अब दोनों महिलाओं से जुड़े अन्य आपराधिक मामलों और नेटवर्क की जांच कर रही है।


