![]()
हरियाणा के पंचकूला में धान खरीद को लेकर किसानों ने DC ऑफिस के बाहर धरना शुरू कर दिया है। भाकियू चढूनी के जिला प्रधान के नेतृत्व में किसान शाम 4 बजे तक भूख हड़ताल पर रहेंगे। जिसके बाद सीएम नायब सैनी के नाम DC सतपाल शर्मा को ज्ञापन सौंपा जाएगा। पंचकूला DC ऑफिस के बाहर धरने पर बैठे भाकियू चढूनी के जिला प्रधान नरेंद्र सिंह ने बताया कि देश में धान की खरीद 1 अक्टूबर से होती है। लेकिन जब ये नियम बने तो देश में देशी बीज होते थे लेकिन अब उन्नत बीज के कारण धान की खेता का समय घट गया है। धान की फसल 15 सितंबर तक ही मंडियों में आने लग जाती है। धान खरीद लेट होने के कारण किसान आढ़तियों को कम दाम पर बेचने का मजबूर होता है। सीएम के साथ एक सप्ताह पहले गुरनाम सिंह चढूनी की वार्ता हुई तो उसमें 15 सितंबर से धान खरीद पर सहमति बनी थी लेकिन 3 दिन बीत जाने के बाद भी धान खरीद शुरू नहीं हुई है। जिसके कारण वे आज यहां भूख हड़ताल पर बैठने को मजबूर हुए हैं। धरने के बाद शाम को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। इसी प्रकार से बाजरा खरीद को लेकर भी उनकी मांग है। 30 तक खोला जाए क्षतिपूर्ति पोर्टल बाढ़ के कारण जिन किसानों का नुकसान हुआ है, उसको लेकर पोर्टल 30 सितंबर तक खोला जाना चाहिए। प्रदेश सरकार के द्वारा पोर्टल 15 सितंबर को ही बंद किया जा चुका है। काफी किसान ऐसे हैं, जिन्हें पोर्टल की जानकारी नहीं है, ऐसे में किसानों को पोर्टल पर अपनी परेशानी अपडेट करवाने में समय लगता है।


