![]()
सोनीपत में महिलाओं के सशक्तिकरण के उद्देश्य से दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का शुभारंभ 25 सितंबर को किया जाएगा। योजना के सफल संचालन और पात्र महिलाओं तक लाभ पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद किरण चौधरी मुख्य मेहमान होंगी। सोनीपत डीसी कैंप कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सुशील सारवान ने की। बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, प्रचार-प्रसार, पंजीकरण प्रक्रिया और पारदर्शिता पर जोर दिया गया। उपायुक्त ने साफ कहा कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 25 सितम्बर को होगा शुभारंभ योजना का शुभारंभ 25 सितंबर को जिला स्तर और ब्लॉक स्तर पर होगा। मुख्य कार्यक्रम सामान्य अस्पताल सोनीपत में आयोजित होगा, जहां राज्यसभा सांसद किरण चौधरी मुख्य अतिथि रहेंगी। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर विधायक और जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। विभिन्न स्थानों पर जनप्रतिनिधि होंगे मौजूद डीआरडीए हॉल सोनीपत में विधायक निखिल मदान, सिविल अस्पताल गोहाना में राई विधायक कृष्णा गहलावत, सीएचसी खरखौदा में विधायक पवन खरखौदा, सीएचसी गन्नौर में विधायक देवेंद्र कादियान और सीएचसी पुरखास में विधायक देवेंद्र कौशिक योजना का शुभारंभ करेंगे। योजना में पारदर्शिता और जागरूकता पर जोर उपायुक्त ने निर्देश दिए कि पात्र महिलाओं की पहचान और रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से लागू किया जाए। इसके लिए आंगनवाडिय़ों, ग्राम सचिव, सरपंच, नम्बरदार, आशा वर्कर और चौकीदारों की अहम भूमिका रहेगी। उन्होंने कहा कि आंगनवाडिय़ों के माध्यम से भी योजना की जानकारी प्रत्येक महिला तक पहुंचाई जाए। पात्र महिलाओं के लिए मुफ्त रजिस्ट्रेशन योजना के तहत पात्र महिलाओं को रजिस्ट्रेशन के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। यह प्रक्रिया पूरी तरह निशुल्क होगी। रजिस्ट्रेशन के लिए महिलाओं को अपना रिहायशी प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक रहेगा। बैठक में मौजूद रहे अधिकारी इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन, एसडीएम अंजलि श्रोत्रिय, सुभाष चन्द्र, निर्मल नागर, प्रवेश कादियान, नगराद्यीश डॉ. अनमोल, एमडी शुगर मिल अंकिता वर्मा, सीएमओ डॉ. ज्योत्सना, डॉ. नीरज यादव, बीजेपी महिला मोर्चा की अध्यक्ष सोनिया मोर और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।


