![]()
पानीपत में एक बुजुर्ग से दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। मंगलवार को दोपहर साढ़े तीन बजे की घटना है। समालखा में राजीव कॉलोनी निवासी 60 वर्षीय राजेंद्र कुमार एसबीआई बैंक से 50 हजार रुपए निकालकर पैदल घर लौट रहे थे। पुरानी गुड़ मंडी स्थित आर्य समाज मंदिर के पास एक बाइक सवार युवक उन्हें क्रॉस करके आगे निकल गया। कुछ देर बाद वह बाइक रोककर वापस आया। इस दौरान पीछे से आए दूसरे युवक ने राजेंद्र के हाथ से थैला झपट लिया। बुजुर्ग ने लुटेरे की कमीज का कॉलर पकड़ लिया, लेकिन बाइक सवार ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी। इससे राजेंद्र सड़क पर घिसटते हुए जख्मी हो गए। थैले में 50 हजार रुपए के अलावा चेकबुक और पासबुक भी थी। पुलिस चौकी इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि उन्हें साढ़े चार बजे वारदात की सूचना मिली। पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों में से एक नाबालिग बताया जा रहा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।


