Actionpunjab

Action Punjab Logo
Breaking News

हिसार में पूर्व सरपंच बनीं सहायक तकनीकी निदेशक:देशभर में तीसरी रैंक हासिल की, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र सेवाए दे चुकी हैं ज्योति




मेहनत और लगन से अगर कुछ करने की ठान ली जाए तो बड़ी से बड़ी मंजिल भी आसान हो जाती है। इसका जीता-जागता उदाहरण गांव गामड़ा की पूर्व सरपंच ज्योति ने पेश किया है। ज्योति का चयन विज्ञान और प्रौद्योगिकी संस्थान में सहायक तकनीकी निदेशक के पद पर हुआ है। उन्होंने इस परीक्षा में देशभर में तीसरी रैंक हासिल कर न केवल गांव गामडा, बल्कि पूरे जिले का नाम रोशन कर दिया। गांव में जैसे ही यह खबर पहुंची, लोग बधाइयां देने उनके घर उमड़ पड़े। ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की और कहा कि ज्योति ने साबित कर दिया कि गांव में प्रतिभाओं की कमी नहीं है और बेटियां भी मेहनत और संघर्ष के बल पर ऊंचे मुकाम हासिल कर सकती हैं। ज्योति इससे पहले विज्ञान तकनीकी सहायक के पद पर कार्यरत थीं। उन्होंने बताया कि जब वह गांव की सरपंच थीं, तब अनेक विकास कार्यों को करवाकर गांव को नई पहचान दी। सरपंच रहते ही उनका चयन राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) में विज्ञान तकनीकी सहायक के लिए हुआ था और वह पिछले तीन वर्षों से हिसार में सेवाएं दे रही थीं। कामकाज के साथ साथ पढ़ाई जारी रखी ज्योति ने बताया कि कामकाज के साथ-साथ उन्होंने अपनी पढ़ाई और तैयारी को जारी रखा। साल 2023 में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान में सहायक तकनीकी निदेशक पद की परीक्षा दी थी। अब घोषित नतीजों में उन्हें देशभर में तीसरा स्थान मिला है। ज्योति का कहना है कि यह उपलब्धि उनके पति, माता-पिता, परिवार और गांववासियों के आशीर्वाद से संभव हुई है। उनकी सफलता से पूरे गांव में खुशी की लहर है। ग्रामीणों का कहना है कि ज्योति ने गांव का मान बढ़ाया है। पूर्व सरपंच का इतने बड़े पद पर चयन होना सभी के लिए गर्व का विषय है। ज्योति अब देश की सेवा नए पद पर रहकर करेंगी। उनकी उपलब्धि ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि यदि संकल्प और मेहनत हो तो कोई भी लक्ष्य दूर नहीं।

Scroll to Top