![]()
गुरुग्राम मे हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती को राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाने के लिए थोड़ी देर में साइकिल यात्रा निकाली जाएगी। खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ानेके लिए युवाओं को प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित साइकिल यात्रा का कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह शुभारंभ करेंगे। यह साइकिल यात्रा सुबह 8 बजे ताऊ देवी लाल स्टेडियम सेक्टर-38 से शुरू होगी। जिसमें खिलाड़ी, युवा, स्कूली बच्चे और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर और गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा की विशेष उपस्थिति रहेगी।
राव नरबीर सिंह ने कहा कि मेजर ध्यानचंद हमारी खेल विरासत के प्रतीक हैं। यह साइकिल यात्रा युवाओं को उनकी उपलब्धियों से प्रेरित करने और खेलों को बढ़ावा देने का एक शानदार अवसर है।खेल न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देते हैं, बल्कि अनुशासन और नेतृत्व जैसे गुण भी विकसित करते हैं।
हॉकी के जादूगर ने तीन गोल्ड मेडल दिलवाए
डीसी अजय कुमार ने बताया कि मेजर ध्यानचंद ने भारत को हॉकी में तीन ओलिंपिक स्वर्ण पदक (1928, 1932, 1936) दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनकी जयंती पर आयोजित यह यात्रा युवाओं को उनकी विरासत से प्रेरणा लेने और खेलों में रुचि बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करेगी। साइकिल यात्रा का मार्ग ताऊ देवी लाल स्टेडियम से शुरू होकर गुरुग्राम शहर के प्रमुख हिस्सों से होकर गुजरेगा।
खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा
उन्होंने बताया कि साइकिल यात्रा के समापन पर ताऊ देवी लाल स्टेडियम में एक समारोह आयोजित होगा, जिसमें प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यात्रा में सैकड़ों प्रतिभागी शामिल होंगे, जिनमें स्कूल-कॉलेज के छात्र, स्थानीय खिलाड़ी और खेल प्रेमी होंगे। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का भी संदेश देगा। साइकिल यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं, ताकि प्रतिभागियों को किसी तरह की असुविधा न हो।


