![]()
पलवल में यमुना नदी का जलस्तर कम हो रहा है। जलस्तर अब 612 फुट पर आ गया है। पहले यह खतरे के निशान 615 फुट से भी पांच इंच ऊपर 615.5 फुट तक पहुंच गया था। वहीं खादर क्षेत्र के राजूपुर गांव में यमुना के पानी से दो मकान गिर गए। ये मकान मुकेश और रामहरी के थे। मकानों में पानी भर जाने से दरारें आ गईं। मालिकों ने पहले ही मकान खाली कर दिए थे। इससे कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, मकानों में रखा सारा घरेलू सामान नष्ट हो गया। बाढ़ से मोहबलीपुर-मुस्तफाबाद रास्ता टूटा बाढ़ से मोहबलीपुर से मुस्तफाबाद को जोड़ने वाला रास्ता भी टूट गया है। मोहबलीपुर के लोग अभी राहत शिविरों में रह रहे हैं। वे रास्ते की मरम्मत की मांग कर रहे हैं। अब जब यमुना का पानी कम हो रहा है, वे अपने घरों की स्थिति देखना चाहते हैं। जिला प्रशासन ने बाढ़ के दौरान यमुना किनारे बसे मोहबलीपुर और इंद्रानगर को पूरी तरह खाली करा लिया था। प्रशासन ने वहां के लोगों और उनके पशुओं के लिए सेफ हाउस में रहने की व्यवस्था की थी। अब जैसे ही पानी कम होने लगा तो लोगों को अपने घरों को जाने की चिंता सताने लगी है, लेकिन मुस्तफाबाद से मोहबलीपुर को जाने वाला रास्ता यमुना के तेज बहाव में कटने के कारण संपर्क बंद हो चुका है।


