![]()
हरियाणा में रेवाड़ी जिले के मॉडल टाउन थाने के लॉकअप में बंद हत्यारोपी के सुसाइड करने के मामले में शुक्रवार को चार पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई। हादसे की रात के समय थाने में तैनात मुंशी सिपाही वेद प्रकाश को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं लॉकअप की सुरक्षा में तैनात होमगार्ड सुरेश और एसपीओ सतीश को बर्खास्त कर दिया गया है। इनके अलावा जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर राजेश के खिलाफ विभागीय जांच खोल दी गई है। 3 पॉइंट में जानिए, लॉकअप में घटी घटना के बारे में… शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तारी दिखाई: पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, विनोद कुमार को शुक्रवार की रात को हत्या के आरोप में हिरासत में लिया गया था। उसके साथ सुल्तानपुर का ही रहने वाला उसका साथी सन्नी यादव भी पकड़ा गया था। DSP सुरेंद्र श्योराण ने 6 सितंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दोनों की गिरफ्तारी की जानकारी दी थी। कंबल की कतरन से फांसी लगाई: शनिवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया गया था। दोनों मॉडल टाउन थाने में बंद थे। रात के समय दोनों आरोपी लॉकअप में सो रहे थे। इसी दौरान विनोद कंबल ओढ़े रहा, और अंदर ही अंदर जिस कंबल में सो रहा था, उसकी झिरक (कतरन) को उधेड़ लिया और मौका पाकर लॉकअप के अंदर लोहे के जाल में डालकर सुसाइड कर लिया। लॉकअप में बंद साथी को भनक तक नहीं लगी: पुलिस के अनुसार, CCTV में देखकर पता चला कि विनोद ने सुबह करीब 4 बजकर 7 मिनट पर फांसी लगाई है। इस दौरान उसके साथ लॉकअप में बंद सन्नी भी चादर ओढ़कर सोया हुआ था। उसे विनोद के फांसी लगाने की भनक तक नहीं लगी। वह घटना, जिसके आरोप में विनोद पकड़ा गया था…
एकसाथ एक कमरे में रहते थे तीनों: विनोद कुमार को पुलिस ने हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, उत्तर प्रदेश के जौनपुर के रहने वाला राकेश कुमार और सुल्तानपुर के निवासी विनोद व सन्नी एक साथ बावल के सुठाणी गांव में रहते थे। विनोद और सन्नी गाड़ी चलाते थे, जबकि राकेश एक कंपनी में काम करता था। शराब पिलाकर गला दबाया: पुलिस ने बताया कि 3 सितंबर को सन्नी, विनोद और राकेश कर्णावास में शराब पी रहे थे। इस दौरान इनकी कहासुनी और सन्नी व विनोद ने राकेश को गला दबाकर मार डाला। इसके बाद सिर में पत्थर भी मारे। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से भाग गए। पूछताछ में हत्या की बात कबूली: राकेश की हत्या के शक में पुलिस ने पूछताछ के लिए विनोद और सन्नी को उठाया। इसके बाद इन्होंने जुर्म कबूल कर लिया। इन्होंने पुलिस को बताया कि तीनों दोस्त एक रूम में रहते थे। हाल में उनके मकान मालिक ने उनसे रूम खाली करवा लिया। विनोद और सन्नी को शक का था कि राकेश ने मालिक के साथ मिलकर रूम खाली करवाया है। पुलिस के अनुसार, विनोद और सन्नी राकेश के बदला लेने के लिए उसे शराब पिलाने ले गए। वहां इन्होंने वारदात को अंजाम दिया। इकलौता कमाने वाला था विनोद, 2 बेटियों का पिता
विनोद की पत्नी के भाई (साला) शुभम ने बताया है कि विनोद की 2 लड़कियां हैं। दोनों छोटी हैं। विनोद परिवार का इकलौता बेटा था। उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। उसकी पत्नी भी कैंसर से पीड़ित है। विनोद अपनी पत्नी का इलाज भी करवा रहा था। शुभम ने कहा कि विनोद के जाने के बाद उसकी पत्नी का इलाज रुक जाएगा। इतना ही नहीं, अगर उसकी पत्नी ठीक नहीं हुई तो उसकी दोनों बेटियों को कौन संभालेगा? ऐसे में हरियाणा सरकार को मृतक के परिवार को मुआवजा देना चाहिए। एसपी हेमेंद्र मीणा ने कहा कि पुलिस की प्राथमिक जांच में स्टैंर्ड्ड प्रोटोकॉल में लापरवाही का मामला सामने आया है। उसी के आधार पर कार्रवाई की गई है। इस मामले में एनएचआरसी की गाइड लाइन के तहत न्यायिक जांच भी चल रही है।


