![]()
हरियाणा सरकार और राज्य चुनाव आयोग तीन नगर निगमों सोनीपत, अंबाला और पंचकूला के चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं। इन नगर निगमों में जनवरी 2026 में चुनाव प्रस्तावित हैं, जबकि सरकार कोशिश कर रही है कि दिसंबर 2025 में भी चुनाव करवा लिया जाए। इस बार खास बात यह है कि अंबाला, पंचकूला और सोनीपत नगर निगमों में से किसी एक में मेयर पद पिछड़ा वर्ग (BC-B) की महिला के लिए आरक्षित होगा, जिसका निर्णय ड्रॉ के जरिए होगा। तीनों नगर निगमों का कार्यकाल 12 दिसंबर को पूरा हो रहा है। इसके लिए वार्ड बंदी का काम और वार्ड पार्षदों की सीटों का आरक्षण भी पहले ही तय कर दिया गया है। सोनीपत में 2 वार्ड बढ़े
हरियाणा के पंचकूला, सोनीपत और अंबाला में वार्ड बंदी का काम पूरा हो चुका है। सोनीपत नगर निगम में वार्ड बंदी के दौरान 2 सीटों की बढ़ोतरी हुई है। अब यहां 22 वार्ड हो गए हैं। जबकि पंचकूला और अंबाला में 20-20 वार्ड ही रहेंगे। शहरी स्थानीय निकाय विभाग (ULB) की ओर से इसका नोटिफिकेशन जारी किया जा चुका है। तीनों नगर निगमों की कुल सीटों में अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के लिए रिजर्वेशन तय किया गया। हरियाणा में नगर निगमों में मेयर को सीधे जनता चुनती है। यहां पढ़िए किस निगम में कैसे तय किया गया आरक्षण
1. अंबाला: नगर निगम में कुल 20 सीटें निर्धारित की गई हैं। इनमें तीन सीटें अनुसूचित जाति (एससी), एक अनुसूचित जाति महिला, दो पिछड़ा वर्ग ‘ए’, एक पिछड़ा वर्ग ‘ए’ महिला और सात सीटें सामान्य श्रेणी की महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। 2. पंचकूला: पंचकूला नगर निगम में भी 20 सीटें हैं। इनमें आरक्षण का पैटर्न अंबाला के समान है। तीन सीटें अनुसूचित जाति, एक सीट अनुसूचित जाति महिला, दो पिछड़ा वर्ग ‘ए’, एक सीट पिछड़ा वर्ग ‘ए’ महिला और सात सीटें सामान्य श्रेणी महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित की गई हैं। 3. सोनीपत: सोनीपत नगर निगम में कुल 22 सीटें तय हुई हैं। इनमें चार अनुसूचित जाति, दो अनुसूचित जाति महिला, दो पिछड़ा वर्ग ‘ए’, एक पिछड़ा वर्ग ‘ए’ महिला और आठ सीटें सामान्य श्रेणी की महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। किस निगम में किस जाति की कितनी जनसंख्या अंबाला नगर निगम के 20 वार्डों की कुल जनसंख्या 2 लाख 71 हजार 68 है। इसमें बैकवर्ड क्लास (A) की 57629, बैकवर्ड क्लास (B) की 13743 जनसंख्या है। यहां 36210 एससी की जनसंख्या यूएलबी के द्वारा दर्शाई गई है। -पंचकूला नगर निगम के 20 वार्डों में कुल जनसंख्या 2 लाख 91 हजार 224 है। इनमें 16511 बैकवर्ड क्लास (A) की जनसंख्या है। वहीं बैकवर्ड क्लास (B) की जनसंख्या 17736 है। जबकि 41467 एससी जनसंख्या है। -सोनीपत नगर निगम के 22 वार्डों में 4 लाख 5 हजार 275 कुल जनसंख्या है। इनमें 83000 बैकवर्ड क्लास (A) की जनंसख्या है, 20953 बैकवर्ड क्लास (B) की जनसंख्या है। जबकि एससी की जनसंख्या 59224 है। अभी तीनों नगर निगमों में क्या है स्थिति
सोनीपत और अंबाला के मेयरों के विधायक बन जाने के बाद इसी साल मार्च में दोनों नगर निगमों में उपचुनाव कराए गए थे। जनवरी 2026 में पंचकूला, सोनीपत और अंबाला निगमों के चुनाव होने प्रस्तावित हैं। फिलहाल सोनीपत नगर निगम में राजीव जैन, पंचकूला में कुलभूषण गोयल और अंबाला में शैलजा सचदेवा मेयर हैं। सोनीपत के मेयर निखिल मदान के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने और विधायक बनने के बाद राजीव जैन मेयर बने थे। राजीव जैन सीएम के मीडिया सलाहकार रह चुके हैं और पूर्व शहरी निकाय मंत्री कविता जैन के पति हैं। अंबाला में पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा की पत्नी व राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा की माता शक्ति रानी शर्मा मेयर थी। वे भाजपा के टिकट पर कालका से विधायक बन गईं, जिसके बाद उनके स्थान पर शैलजा सचदेवा मेयर चुनी गईं। पंचकूला में कुलभूषण गोयल मेयर हैं, जिनकी गिनती पूर्व विधानसभा स्पीकर डॉ. ज्ञानचंद गुप्ता के करीबियों में होती है। दिसंबर के आखिरी या जनवरी के पहले सप्ताह में घोषणा
तीनों नगर निगमों में वार्डबंदी हो चुकी है। मेयर रिजर्वेशन के लिए जल्द ही ड्रॉ निकाला जाता है। इस साल दिसंबर के आखिरी या जनवरी 2026 के पहले सप्ताह में चुनाव की घोषणा हो जाएगी।


