![]()
कैथल जिले में हिसार के सांसद जयप्रकाश ने इनेलो और भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला है। जयप्रकाश (जेपी) ने इनेलो पार्टी को भाजपा की बी टीम करार दिया है। रोहतक में हुई इनेलो की रैली और बड़े दिग्गजों को पार्टी में शामिल करने के दावे पर उन्होंने कहा कि इनेलो रैली का हाल खोदा पहाड़ निकली चुहिया जैसा रहा। उन्होंने कहा कि इनेलो को राजकाज से मतलब नहीं, केवल कांग्रेस से लड़ रही है, जबकि इसके विपरीत होना चाहिए। इनेलो की रैली को बताया फ्लॉप जो सरकार सत्ता में है, उसके खिलाफ लड़ना चाहिए, लेकिन इनेलो ऐसा नहीं कर रही है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि रोहतक की इनेलो रैली पूरी तरह फ्लॉप साबित हुई। उनके अनुसार रैली से पहले खूब प्रचार किया गया कि बड़े-बड़े खुलासे होंगे और कई नेताओं की जॉनिंग होगी, लेकिन न खुलासा हुआ न जॉइनिंग। खोदा पहाड़, निकली चुहिया वाली कहावत इस रैली पर बिल्कुल फिट बैठती है। वोट चोरों का हो सफाया जेपी ने कहा कि सत्ता भाजपा के पास है, लेकिन इनेलो की ओर से कांग्रेस का सफाया करने की बात कही जा रही है। यही कारण है कि इनेलो हाशिए पर आ गई है। जनता समझ चुकी है कि इनेलो असल में भाजपा की ‘बी टीम’ है। सफाया तो वोट चोरों का होना चाहिए। विपक्ष का असली काम सरकार से लड़ना होता है, मगर इनेलो कांग्रेस से लड़ रही है, सरकार से नहीं। अधिकारियों की ड्यूटी को बताया ढकोसला मंडियों में किसानों की समस्याओं पर टिप्पणी करते हुए सांसद ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कहते हैं कि उन्होंने मंडियों में अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है। कांग्रेस शासन में यह ढकोसला नहीं किया जाता था। यदि सरकार की नीयत साफ हो, तो किसानों को नमी में 2-3 प्रतिशत की छूट देकर उसका नुकसान सरकार पूरा कर सकती है। हमारे समय में ऐसा हुआ करता था। भाजपा सरकार में तो किसानों पर सीधी मार पड़ रही है। सांसद जयप्रकाश ने कहा कि जिस पार्टी को केवल जात और धर्म के नाम पर वोट मिल रहे हों, उन्हें किसानों की असली समस्याओं और मंडियों में उनके चक्कर से क्या सरोकार हो सकता है।


