![]()
सोनीपत जिलेभर में बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा पर्व आज हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। रामलीला सभाओं और धार्मिक समितियों ने इस भव्य आयोजन की पूरी तैयारी कर ली है। इस बार जिले का सबसे ऊंचा रावण 60 फीट का तैयार किया गया है, जिसके साथ मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले भी दहकेंगे।्र इन विशाल पुतलों को दिल्ली और रोहतक के कारीगरों ने अंतिम रूप दिया है, जबकि इनमें आतिशबाजी लगाने का काम उत्तर प्रदेश के बागपत से बुलाए गए कारीगरों द्वारा किया गया है। सभी प्रमुख आयोजन स्थलों पर बच्चों के लिए झूले, खाने-पीने के स्टॉल और पारंपरिक लोक कार्यक्रम आयोजित होंगे। पुतलों के दहन का समय शाम 6 बजे से 7 बजे तक निर्धारित किया गया है। जिलेभर में होंगे भव्य दशहरा आयोजन
सोनीपत जिले के विभिन्न स्थानों पर पुतला दहन के लिए भव्य तैयारियां की गई हैं:
गन्नौर (बादशाही रोड, जनता स्कूल मैदान): यहाँ जिले का सबसे बड़ा, 60 फीट ऊंचा रावण दहन होगा, साथ ही 55-55 फीट ऊंचे मेघनाथ और कुंभकरण के पुतले भी जलाए जाएंगे। इस आयोजन में लायंस क्लब, सावन ज्योत महोत्सव, भारत विकास परिषद और रोटरी क्लब सहयोग कर रहे हैं।
सोनीपत शहर (कामी रोड रामलीला मैदान): श्री रामलीला सभा द्वारा 52 फीट ऊंचा रावण और 45-45 फीट ऊंचे मेघनाथ-कुंभकरण के पुतले जलाए जाएंगे। पुतलों को धनुष-बाण और गदा के साथ विशेष स्वरूप दिया गया है।
सेक्टर-15 हुडा ग्राउंड: सनातन धर्म सभा और श्री सेवा समिति महावीर दल की ओर से 52 फीट ऊंचे रावण का दहन होगा। इसमें यूपी के कारीगरों द्वारा लगाई गई इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी मुख्य आकर्षण होगी, जिसमें रावण के पेट, मुंह और आंखों से आग व रंगीन रोशनी निकलेगी। सेक्टर-23 में भी रावण दहन किया जाएगा।
नई अनाज मंडी: शिव शक्ति समिति गुड़ मंडी द्वारा 52 फीट ऊंचे रावण का दहन किया जाएगा।
खरखौदा: श्री प्राचीन भारत रामलीला कमेटी शहर में भव्य शोभायात्रा निकालने के बाद 51 फीट ऊंचे रावण का दहन करेगी। पिपली में भी 51 फीट के रावण का दहन होगा।
औद्योगिक क्षेत्र, गन्नौर (बीएसटी ग्राउंड): गन्नौर वैलफेयर ट्रस्ट और लायंस क्लब गन्नौर गौरव द्वारा 40 फीट ऊंचे रावण तथा 35-35 फीट ऊंचे मेघनाथ व कुंभकरण के पुतलों का दहन किया जाएगा। यहाँ हरियाणवी गायक अमित ढुल भी अपनी प्रस्तुति देंगे।
मंचन और शोभायात्राओं का रहेगा खास आकर्षण
दशहरा महोत्सव के दौरान जिलेभर में रामलीला मंचन, शोभायात्रा और मेले का भी आयोजन होगा। श्री रामलीला सभा के प्रधान महेंद्र मंगला और गजेंद्र मंगला ने बताया कि रावण दहन से पहले राम-रावण युद्ध का मंचन किया जाएगा। इस वर्ष जानकी दरबार और युद्ध दृश्य दर्शकों के लिए मुख्य आकर्षण केंद्र होंगे।


