![]()
फतेहाबाद के टोहाना में मार्केट कमेटी ने चार राइस मिलों पर सख्त कार्रवाई की है। इन मिलों पर बिना मार्केट फीस जमा करवाए सीधे धान को मिलों में ले जाने का आरोप है। कमेटी ने लगभग एक हजार क्विंटल धान मिलने पर लाखों रुपए का जुर्माना लगाया है। जिन फर्मों पर जुर्माना लगाया गया है, उनमें टोहाना की कंसल राइस मिल (मनियाना रोड), हरिओम राइस मिल (सिंबल रोड से दमकोरा रोड), सालासर राइस मिल और जगन्नाथ राइस मिल शामिल हैं। इन पर करीब एक लाख से सवा लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया है। वहीं, सांवरिया राइस मिल ने भी ऐसा किया था, लेकिन बाद में मार्केट फीस कार्यालय में जमा करवा दी। मार्केट फीस न चुकाने पर कार्रवाई क्षेत्र में कई मिल संचालकों द्वारा बिना मार्केट फीस चुकाए सीधे धान मिलों में ले जाने के मामले लगातार सामने आते रहे हैं। पिछले साल भी जोनल एडमिनिस्ट्रेशन हिसार की टीम ने ऐसी कई फर्मों पर लाखों रुपए का जुर्माना लगाया था। मार्केट कमेटी का मिलरों पर लगातार एक्शन मार्केट कमेटी सचिव संदीप गर्ग ने बताया कि उनकी टीमें ऐसे मिलरों पर लगातार निगरानी रख रही हैं। उन्होंने पुष्टि की कि चार मिलों से लगभग एक लाख से सवा लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया है। गर्ग ने यह भी कहा कि भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।



