![]()
सोनीपत पुलिस ने हाईवे पर लूटपाट करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। थाना खरखौदा और क्राइम यूनिट खरखौदा की पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इन आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपेश उर्फ मोंटी और ईशु उर्फ टोनी के रूप में हुई है, दोनों नाहरा गांव के रहने वाले हैं। पुलिस के अनुसार, 14 अक्टूबर को सुमित नामक एक व्यक्ति ने थाना खरखौदा में शिकायत दर्ज कराई थी। सुमित ने बताया कि वह अपने हेल्पर अभिषेक के साथ आईएमटी खरखौदा से मारुति कंपनी से कार लोड करके सोहटी गांव जा रहा था। तभी गोल सर्कल के पास एक कार ने उनकी गाड़ी को रोका। दो लड़कों ने उन्हें डरा-धमकाकर गाड़ी से नीचे उतार लिया। एक लड़के के हाथ में पिस्तौल थी, जिसने सुमित की जेब से दो मोबाइल फोन छीन लिए। दूसरे लड़के ने गाड़ी के डैशबोर्ड से 20-25 हजार रुपए निकाल लिए। जाते समय लड़कों ने सुमित और अभिषेक को जान से मारने की धमकी भी दी। वारदात के बाद सुमित को अपनी गाड़ी में एक पर्स मिला, जिसमें दीपेश नाम के एक व्यक्ति का आधार कार्ड था। यह सुराग जांच में महत्वपूर्ण साबित हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने दीपेश उर्फ मोंटी और ईशु उर्फ टोनी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दो मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।



