![]()
अंबाला शहर में शुक्रवार की रात एक बेकाबू कार ने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। हादसा मानव चौक के पास हुआ, जहां नशे में धुत एक ड्राईवर ने तेजी से आ रही कार पर नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे खड़े वाहनों, राहगीरों और दोपहिया सवारों को रौंद दिया। इस घटना में कुल 8 लोग घायल हो गए, जिनमें से 13 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से जख्मी है। जिसे अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल के लिए रेफर किया गया है। हादसे के बाद मौके पर भगदड़ मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई दोपहिया वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहगीर मौके पर पहुंचे और किसी तरह कार चालक को पकड़ लिया। भीड़ ने चालक को रोककर पुलिस के हवाले कर दिया। नशे में था चालक, पुलिस ने किया गिरफ्तार सेक्टर-9 थाना प्रभारी सुनीता ढाका ने बताया कि हादसे में घायल कार चालक की पहचान दलविंदर सिंह, निवासी राजपुरा (पंजाब) के रूप में हुई है। फिलहाल उसे भी हल्की चोटें आई हैं और उसको भी इलाज के लिए अंबाला शहर के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि चालक शराब के नशे में था और नियंत्रण खो बैठा। कार ने पहले दोपहिया वाहनों को टक्कर मारी, फिर सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया। पुलिस के अनुसार, इस हादसे में मुकेश बलाना, अमन धुरकड़ा, मोहित, प्रिंस, रौमी अहमद, जश्न समेत कई लोग घायल हुए हैं। सभी को तुरंत अंबाला शहर नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि जश्न की हालत गंभीर होने पर उसे अंबाला कैंट के अस्पताल में रेफर किया गया। आंखों देखा हाल प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार मानव चौक की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थी। चालक ने नियंत्रण खो दिया और डिवाइडर पार करते हुए दूसरी ओर जा घुसा। एक झटके में कई लोगों को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार डिवाइडर से टकराकर रुक गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत कार चालक को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस जांच जारी, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार थाना प्रभारी सुनीता ढाका ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि चालक किस हद तक नशे में था। घायलों का चल रहा इलाज अस्पताल प्रशासन ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है। दो लोगों को फ्रैक्चर और सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बच्चे की हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों ने बताया कि घायल जल्द ठीक हो रहे हैं, लेकिन घटना का असर मानसिक रूप से गहरा है।


