Actionpunjab

Action Punjab Logo
Breaking News

नूंह में रेहड़ी लगाने वालों से शहरवासी परेशान:लाउडस्पीकर से दिनभर गूंजती आवाजें,दुकानदारों ने डीएमसी से लगाई गुहार




नूंह जिले के पुन्हाना शहर के मुख्य मार्गों पर जगह-जगह खड़े रेहड़ी और ठेले वालों ने आमजन का जीना दुश्वार कर रखा है। ये रेहड़ी चालक न केवल सड़क का बड़ा हिस्सा घेर लेते हैं, बल्कि लाउडस्पीकर पर ऊंची आवाज में सामान बेचने की पुकार से दिनभर शोरगुल मचाए रहते हैं। इस कारण जहां राहगीरों को आवाजाही में परेशानी होती है, वहीं दुकानदारों को भी लगातार झगड़ों और विवादों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार शहरवासियों ने नगरपालिका प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। अब लोगों ने डीएमसी नूंह से इस समस्या को खत्म करने की गुहार लगाई है। लाउडस्पीकर की तेज आवाज के कारण माहौल असहनीय बना पुन्हाना शहर के तरूण, सुनील, गफफार, जंगशेर बिसरू,सलीम आदि दुकानदारों का कहना है कि रेहड़ी चालक मुख्य मार्ग पर ठेला लगाकर खड़े हो जाते हैं। इससे ग्राहकों का आना-जाना बाधित होता है। ऊपर से लाउडस्पीकर की तेज आवाज के कारण पूरे दिन माहौल असहनीय बना रहता है। कई बार दुकानदार और रेहड़ी चालकों के बीच झड़प की नौबत भी आ चुकी है। मुख्य बाजार, बस स्टैंड , गुडमंडी मोड सहित अन्य व्यस्त मार्गों पर आए दिन जाम लगना आम बात हो गई है। सुबह से लेकर देर शाम तक मार्ग ठेले और रेहड़ियों की कतार लगी रहती है, जिससे राहगीरों को निकलना मुश्किल हो जाता है। समस्या के समाधान के लिए डीएमसी नूंह से की शिकायत स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार उन्होंने इस समस्या को लेकर नगरपालिका प्रशासन से शिकायत की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। दुकानदारों ने हाल ही में इस बाबत डीएमसी से शिकायत की, लेकिन नगरपालिका प्रशासन ने अब तक इस पर कोई कदम नहीं उठाया है। दुकानदारों का कहना है कि प्रशासन द्वारा मुख्य मार्गों पर रेहड़ी और ठेले लगाने के लिए तय स्थान चिन्हित किए जाएं, ताकि आमजन और व्यापारियों दोनों को राहत मिल सके। लोगों ने मांग की है कि नगरपालिका प्रशासन शहर के मुख्य मार्गों से रेहड़ी चालकों को हटाए और उन्हें निर्धारित स्थलों पर स्थानांतरित करे, ताकि बाजारों में जाम और शोरगुल की समस्या से छुटकारा मिल सके। फिलहाल नगर प्रशासन की लापरवाही के कारण शहर की सड़कों पर अराजकता का माहौल बना हुआ है और आमजन रोजाना परेशानियों का सामना कर रहे हैं।

Scroll to Top