Actionpunjab

Action Punjab Logo
Breaking News

हरियाणा में आंगनवाड़ी हेल्परों को मिलेगा प्रमोशन:कोटा बढ़ाकर 50% किया, खाली पदों पर जल्द होगी भर्ती, HKRNL के जरिए 22,867 नई नियुक्तियां




हरियाणा सरकार आंगनवाड़ी हेल्परों का प्रमोशन करेगी। सरकार ने प्रमोशन कोटा 25% से बढ़ाकर 50% कर दिया है, ताकि अनुभवी हेल्परों को आगे बढ़ने का मौका मिले। प्रमोशन पूरी होने के बाद खाली पदों पर नई भर्ती निकाली जाएगी। यह जानकारी विधानसभा के मानसून सत्र में दी गई। कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने आंगनवाड़ी में खाली पदों के बारे में सवाल किया था। हरियाणा में कुल 25,962 आंगनवाड़ी केंद्र हैं। इन केंद्रों के लिए 25,962 वर्कर और 25,450 हेल्पर के पद स्वीकृत हैं। फिलहाल 23,106 वर्कर और 20,641 हेल्पर ही काम कर रहे हैं। सिलेक्शन क्राइटेरिया के कारण भर्ती अटकी
महिला एवं बाल विकास विभाग में आंगनबाड़ी वर्करों और हेल्परों के खाली पदों को भरने का प्रस्ताव विभाग के पास काफी समय से विचाराधीन था। भारत सरकार के अगस्त 2022 के दिशा-निर्देशों के मद्देनजर, नियुक्ति के लिए सिलेक्शन क्राइटेरिया के कारण भर्ती प्रक्रिया अटकी रही। अब सरकार इसे शुरू करने जा रही है। हालांकि यह फैसला नहीं हुआ है कि ये भर्ती जिला स्तर पर होगी या प्रदेश स्तर पर। आंगनबाड़ी वर्करों को 14,750 मानदेय मिल रहा
महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार, 10 वर्ष से अधिक अनुभव वाली आंगनवाड़ी वर्करों को वर्तमान में 14,750 रुपए मानदेय मिल रहा है। 10 वर्ष से कम अनुभव वाली आंगनवाड़ी वर्करों को 13,250 रुपए मानदेय दिया जा रहा है। इसके अलावा, आंगनबाड़ी हेल्परों को 7,900 रुपए मानदेय दिया जा रहा है। HKRNL में 22,867 नई नियुक्तियां
वहीं हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड (HKRNL) के तहत अब तक कुल 1,29,430 नियुक्तियां की जा चुकी हैं। इनमें से 22,867 नई भर्तियां और 1,06,563 पोर्टेड मैनपावर की नियुक्ति शामिल हैं। यह जानकारी राज्यमंत्री गौरव गौतम ने विधानसभा के मानसून सत्र में दी है। उन्होंने बताया कि इन नियुक्तियों में रिजर्वेशन पॉलिसी का पालन किया जा रहा है, जो संविदा कर्मियों की नियुक्ति नीति और उसके बाद 26 अक्टूबर 2023 और 13 मई 2025 को किए गए संशोधनों के अनुसार लागू है।

Scroll to Top