![]()
पहाड़ों में लगातार हो रही बरसात ने यमुना में पानी के स्तर को बढ़ा दिया है। आज हथिनीकुंड बैराज से 3.11 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जिसके बाद करनाल प्रशासन ने इंद्री हल्के में यमुना से सटे इलाकों में अलर्ट जारी किया है। कुछ ही घंटों में पानी इंद्री इलाके में पहुंच जाएगा, जिससे पानी आसपास के गांवों घुस सकता है। पानी का लेवल बढ़ने के बाद धनौरा एस्केप नाले में यमुना का पानी घुस गया। जिससे पानी पुल के उपर से क्रॉस कर गया।कई कई फुट तक पानी है। शेरगढ़ टापू के नाले पर बना यह पूल यूपी को हरियाणा से जोड़ता है और हजारों वाहनों का आवागमन यहां से होता है, पुल पर पानी आने से वाहनों के आवागमन पर ब्रेक लग जाते है। हालात यह हो जाते है कि लोगों को अपनी कार, बाइक और साइकिल को पुल से क्रॉस करवाने के लिए ट्रैक्टर-ट्राली जैसे वाहनों का सहारा लेना पड़ता है और उसके लिए उन्हें 50 से 150 रुपए तक किराया चुकाना पड़ता है। हालांकि इंद्री के एमएलए इस समस्या को विधानसभा में भी उठा चुके है, लेकिन उसके बावजूद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। मौसम में आई गिरावट
रविवार की आधी रात से ही करनाल जिला के अलग-अलग इलाकों में बरसात हो रही है। सितंबर के पहले दिन मौसम विभाग ने जिले के लिए खास अपडेट जारी किया है। सोमवार को करनाल में अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। विभाग के मुताबिक आसमान में पूरे दिन बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 28 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा है। बारिश दर्ज नहीं हुई, लेकिन नमी का स्तर बेहद ऊंचा रहा। मौसम विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि फिलहाल किसी तरह की चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया गया है। यानी भारी बारिश का खतरा नहीं है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह बदलाव मानसून की सक्रियता का नतीजा है। किसानों और आम लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम के अनुरूप अपनी योजना बनाएं और बरसात के दौरान सावधानी बरतें। प्रशासन भी अलर्ट मोड़ पर
इंद्री एसडीएम अशोक मुंजाल ने बताया कि यमुना से सटे इलाकों में अलर्ट जारी किया हुआ है। साथ ही प्रशासनिक अधिकारी मौके का भी मुआयना कर रहे है। प्रशासन हर तरह की स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। मैने विधानसभा में उठाई है पुल की मांग
इंद्री के एमएलए रामकुमार कश्यप का कहना है कि मैने शेरगढ़ टापू की पुलिया की समस्या को विधानसभा में भी उठाई थी। जिसको लेकर प्रपोजल भी भेजा हुआ है, जल्द ही इस पर संज्ञान लिया जाएगा, ताकि वर्षो पुरानी समस्या का समाधान हो सके। इसके अतिरिक्त हथनीकुंड बैराज से पानी छोड़ा गया है, जिसको लेकर प्रशासनिक अधिकारियों को भी निर्देश जारी किए गए है।


