Actionpunjab

Action Punjab Logo
Breaking News

सोनीपत में अतिक्रमण पर 5 हजार का होगा चालान:एफआईआर करवाई जाएगी; कोर्ट के काटने पड़ सकते हैं चक्कर




सोनीपत जिले के गोहाना शहर को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए नगर परिषद और पुलिस प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। दीपावली और अन्य त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत की गई है। नगर परिषद की सफाई निरीक्षक दुर्गा देवी ने बताया कि दुकानों के बाहर रेहड़ी या फड़ी लगाई मिली तो संबंधित दुकानदार पर 5 हजार का चालान किया जाएगा। अगर चालान जमा नहीं किया गया तो दुकानदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कोर्ट में कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सड़क पर खड़ी रेहडिय़ों को तुरंत जप्त किया जाएगा। अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत गोहाना शहर के मुख्य बाजार, पुरानी अनाज मंडी, गांधी नगर रोड और बस स्टैंड के आसपास सोमवार को नगर परिषद और पुलिस की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
टीम ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए दुकानों के बाहर रखा गया सामान, बोर्ड और रेहडिय़ा हटवाईं। इस दौरान कुछ स्थानों पर दुकानदारों ने विरोध भी किया, लेकिन अधिकारियों ने उन्हें समझाते हुए कहा कि यह कदम जनता की सुविधा और शहर के हित में उठाया गया है। इस दौरान मुनादी भी करवाई गई है। दुर्गा देवी बोली-दीपावली सीजन में बढ़ी भीड़, जाम से मिलेगी राहत सफाई निरीक्षक दुर्गा देवी ने बताया कि इन दिनों धान का सीजन चल रहा है और दीपावली नजदीक है, जिसके कारण शहर की सड़कों पर लोगों की आवाजाही बढ़ गई है।
कई दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर सामान रखकर और रेहडिय़ा खड़ी कर सड़क को संकरा बना देते हैं, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न होती है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान लोगों को जाम से राहत दिलाने और शहर की सुंदरता बनाए रखने के लिए चलाया जा रहा है। दुकानदारों को चेतावनी नगर परिषद की टीम ने दुकानदारों से बातचीत कर उन्हें चेतावनी दी कि अगर दोबारा अतिक्रमण किया गया तो न केवल चालान बल्कि एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही छोटे रेहड़ी-फड़ी लगाने वालों को भी समझाया गया कि वे अपना सामान निर्धारित जगह पर लगाएं ताकि यातायात में कोई बाधा न आए।
टीम ने लोगों से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें ताकि त्योहारों के दौरान किसी को परेशानी न हो। दुकानदारों ने की कदम की सराहना अभियान के दौरान कई दुकानदारों ने नगर परिषद की इस पहल की सराहना की।उनका कहना था कि सड़कों से अतिक्रमण हटने से न केवल ग्राहकों को आवाजाही में आसानी होगी बल्कि शहर भी साफ-सुथरा और व्यवस्थित दिखाई देगा।स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से यह अभियान लगातार चलाने की मांग की ताकि भविष्य में जाम की समस्या से राहत मिल सके। लगातार जारी रहेगा अतिक्रमण विरोधी अभियान नगर परिषद सफाई निरीक्षक दुर्गा देवी ने कहा कि यह अभियान केवल एक दिन का नहीं होगा बल्कि इसे पूरे त्योहार सीजन तक जारी रखा जाएगा।अगर किसी ने नियमों का उल्लंघन किया या चेतावनी के बावजूद सड़क पर कब्जा किया तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ शहर की सफाई व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Scroll to Top