![]()
बहादुरगढ़ के गांव छारा में बुधवार दोपहर खेतों में घूमने गए दो युवकों पर पुरानी रंजिश के चलते घात लगाकर हमला कर दिया गया। आरोपियों ने चाकू, तलवार, डंडे और रॉड से वार किए, जिससे एक युवक का हाथ कटकर अलग हो गया, जबकि दूसरे की अंगुलियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलने पर मांडौठी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव छारा निवासी राहुल ने बताया कि वह खेती-बाड़ी करता है। बुधवार दोपहर करीब 11–12 बजे वह अपने चचेरे भाई साहिल और दोस्त गौरव के साथ खेतों में घूमने गया था। इसी दौरान कई गाड़ियों व बाइक पर सवार होकर कुछ युवक आए। जिनमें गांव का निवासी अजय व उसका साथी कर्मा भी शामिल थे।
हमलावरों के हाथों में थे तेजधार हथियार
राहुल ने बताया कि उनके हाथ में चाकू, तलवार, डंडे, रॉड आदि हथियार थे। वे घात लगाकर बैठे थे, जैसे ही हम बचने के लिए भागे तो उन्होंने हमला कर दिया। इस दौरान कर्मा ने उस पर तेजधार चाकू से गर्दन पर वार किया, लेकिन हाथ अड़ाकर बचाव करना चाहा तो अंगुलियां कट गईं।
गौरव ने बचाव के लिए हाथ किया तो उसका हाथ ही कटा
राहुल ने बताया कि अजय ने तलवार से गौरव की गर्दन काटने की कोशिश की। गौरव पर दो बार वार किए गए। दूसरी बार जब गौरव ने बचाव में हाथ अड़ाया तो कटकर अलग हो गया। राहुल के अनुसार, अगर गौरव ने हाथ से अपनी गर्दन न बचाई होती, तो उसकी मौत हो सकती थी। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिससे आरोपी मौके से फरार हो गए।
घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। घायलों को पहले रोहतक और फिर गुरुग्राम के अस्पताल में रेफर किया गया। पुलिस ने गांव के ही दो युवकों के खिलाफ नामजद व 15–20 अज्ञात युवकों पर जानलेवा हमला, अवैध हथियार रखने और मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया है।
मांडौठी चौकी प्रभारी रविंद्र ने बताया कि यह हमला पुरानी रंजिश से जुड़ा हुआ लगता है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। इस हमले में गौरव का हाथ कट गया। पुलिस ने गांव छारा निवासी अजय व कर्मा के खिलाफ नामजद व 15-20 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।



