Actionpunjab

Action Punjab Logo
Breaking News

धूरी हलके का गांव पलासौर आधुनिक तकनीकों से हुआ लैस



धूरी/संगरूर, 11 फरवरी:
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के विधानसभा क्षेत्र धूरी का गांव पलासौर शहरों को मात देते हुए आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित हो गया है, जहां सुरक्षा के लिए 49 सीसीटीवी कैमरे तथा विद्यार्थियों के लिए प्रोजेक्टर जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।
गांव पलासौर के सरपंच गुरमीत सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में गांव में निरंतर विकास कार्य जारी हैं और गांव को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि गांव पलासौर में लगभग 20 लाख रुपये की लागत से आधुनिक लाइब्रेरी का निर्माण किया जा रहा है, जिससे युवाओं और विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा। इसके साथ ही गांव के स्कूल में नए शौचालय बनाए जा रहे हैं तथा विद्यार्थियों को नई तकनीक से जोड़ने के लिए दो प्रोजेक्टर भी खरीदे गए हैं, ताकि शिक्षा के स्तर को और ऊंचा किया जा सके।
सरपंच गुरमीत सिंह ने आगे बताया कि गांव पलासौर से रूपाहेड़ी तक 6.3 किलोमीटर लंबी सड़क को लगभग 3.4 करोड़ रुपये की लागत से 10 फुट से बढ़ाकर 18 फुट चौड़ा किया जा रहा है। इस कार्य से क्षेत्र के निवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके अतिरिक्त गांव की फिरनी को भी चौड़ा किया जा रहा है तथा गांव में एक पार्क का निर्माण भी किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि गांव में नई डिस्पेंसरी का निर्माण किया गया है, जिससे स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी। इसके अलावा सुरक्षा के दृष्टिकोण से गांव में 49 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिल सके।
सरपंच गुरमीत सिंह ने कहा कि गांववासियों की लंबे समय से चली आ रही सबसे बड़ी मांग को पूरा करते हुए पंजाब सरकार द्वारा नाले को भी चालू कर दिया गया है, जिससे जल निकासी संबंधी समस्या का समाधान हो गया है। उन्होंने पंजाब सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि गांव के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे ये प्रयास मील का पत्थर साबित होंगे। 

Scroll to Top