Actionpunjab

Action Punjab Logo
Breaking News

Author name: Action Punjab

Action Punjab
Haryana

कुरुक्षेत्र में रंगदारी मांगने के 2 आरोपी अरेस्ट:10 हजार लेकर 5 लाख और मांगे, इनकार करने पर दुकान पर जाकर धमकाया

कुरुक्षेत्र जिले में रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने 2 युवकों को गिरफ्तार किया। आरोपी शरीफ गढ़ के सविंद्र सिंह उर्फ साजन और गांधीनगर के अनमोल ने नारियल पानी बेचने वाले से 5 लाख रुपए मांगे थे। डिमांड पूरी नहीं होने पर जान से मारने की धमकी दी थी। डरा-धमकाकर 10 हजार लिए थाना कृष्णा गेट में इंद्रा कॉलोनी के रहने वाले व्यक्ति ने शिकायत में बताया कि वह नारियल पानी बेचने का काम करता है। 2 महीने पहले जुलाई में साजन उसकी दुकान पर आया और 10 हजार रुपए मासिक रंगदारी मांगी। पैसे देने से मना करने पर साजन ने उसे धमकी दी। डर के मारे उसने साजन को 10 हजार रुपए दे दिए, लेकिन आरोपी ने हर रोज 5 हजार रुपए की डिमांड की। एकमुश्त 5 लाख रुपए मांगे उसके मना करने पर आरोपी साजन ने उससे एकमुश्त 5 लाख रुपए मांगे। मना करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोपी उसे डराता रहा। 21 सितंबर को साजन अपने 7-8 साथियों के साथ कार और बाइक पर सवार होकर बाजार में आया और उसे धमकाने लगे। उसने मौके से भाग कर अपनी जान बचाई। आरोपी 2 दिन के रिमांड पर CIA-1 के इंचार्ज सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी साजन और अनमोल को गिरफ्तार कर लिया गया। अदालत के आदेश से उनको 2 दिन के रिमांड पर लिया है। उनकी टीम अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

Haryana

पानीपत में खेत से सिलेंडर और पानी का पंखा चोरी:मकान का टूटा मिला ताला, तलाश पर नहीं लगा सुराग

पानीपत जिले के इसराना थाना क्षेत्र स्थित बुआना लाखू गांव में एक किसान के खेत से गैस सिलेंडर और पानी निकालने वाला पंखा चोरी हो गया। यह घटना 23 सितंबर की रात को हुई। किसान सुमित पुत्र जसवीर सिंह ने इस संबंध में पुलिस को सूचना दी है। मामले में पुलिस द्वारा केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। बारिश से खेत में भरा था पानी जानकारी के अनुसार किसान सुमित ने बताया कि उनका खेत गणेश भट्ठा के पास है। हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण खेतों में पानी भरा हुआ था, जिस वजह से वे खेत पर नहीं जा पा रहे थे। जब पानी कुछ कम हुआ और वे खेत पर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि खेत में बने मकान का ताला टूटा हुआ था। कई दिन बीतने पर खुलासा सुमित के अनुसार, मकान के बाहर लगा पानी निकालने वाला पंखा गायब था। अंदर देखने पर गैस सिलेंडर और कुछ अन्य सामान भी नहीं मिला। उन्होंने इसकी जानकारी परिजनों को दी, जिन्होंने सोचा कि शायद किसी जरूरत मंद ने पानी निकालने के लिए सामान लिया होगा और वापस कर देगा। हालांकि, कई दिन बीत जाने के बाद भी जब सामान वापस नहीं मिला, तो सुमित ने इसराना थाने में घटना की सूचना दी। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस पुलिस ने किसान की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि चोरों की तलाश जारी है और मामले की जांच की जा रही है।

Haryana

मानेसर की गोशाला में पशु अस्पताल का उद्घाटन:मंत्री राव नरबीर सिंह रहे शामिल, पार्षद के निजी कोष से निर्माण

हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने शुक्रवार को मानेसर स्थित बाबा न्यारम दास गोशाला में पशु अस्पताल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने गौसेवा के लिए अपने निजी कोष से 11 लाख रुपए देने की घोषणा भी की। मंत्री ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए गोशाला परिसर में पौधारोपण भी किया। यह पशु अस्पताल पार्षद मनोज यादव ने अपने निजी कोष से बनवाया है। अभी तक गोशाला में गौवंशों के इलाज के लिए पशुपालन विभाग के डॉक्टर सप्ताह में 2-3 बार आते थे। इस स्थायी अस्पताल के बनने से मानेसर क्षेत्र में घूमने वाले और अन्य गौशालाओं में रह रहे गौवंशों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिल सकेगा। गोशाला समिति के कार्यों की सराहना राव नरबीर सिंह ने गोशाला समिति के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समिति के सदस्य गौवंशों को आश्रय देने, उनके स्वास्थ्य की जांच करने और भोजन-पानी की व्यवस्था में कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने आमजन से भी गोसेवा के लिए आगे आने और गोशाला में सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयास करने की अपील की। गोशाला को बेहतर बनाने का प्रयास नगर निगम आयुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि नगर निगम भी गोशाला की बेहतरी के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गोशाला की भूमि का टाइटल ‘गैर मुमकिन पहाड़’ होने के कारण निगम यहां स्थायी निर्माण नहीं कर सकता। हालांकि, निगम पीने के पानी, अस्थाई शेड और लोहे की ग्रिल लगाने जैसी व्यवस्थाओं में सहयोग करेगा। मंत्री राव नरबीर के आगे रखी मांगे इस दौरान गोशाला समिति के सदस्यों ने राव नरबीर के समक्ष गोशाला से संबंधित कुछ मांगें रखी। इन मांगों में गोशाला भूमि के साथ बने पालिटेक्निक कॅालेज के साथ भूमि विवाद, गोशाला में बिजली, पेंट, गांव नैनवाल से गोशाला तक पीने के पानी की लाइन डलवाने, गोवंशों के लिए एल आकार का शेड निर्माण आदि शामिल रहे। उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री ने स्वीकार करते हुए संबंधित अधिकारियों को समस्या हल करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में ये रहे शामिल भाजपा जिला अध्यक्ष अजीत यादव, नगर निगम मानेसर के संयुक्त आयुक्त हितेंद्र कुमार, सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीन यादव, डिप्टी मेयर रीमा चौहान, पार्षद मनोज यादव, बाल किशन, दयाराम, ज्योति वर्मा, रुचि कौशिक, नामित पार्षद शेर सिंह चौहान, देवेंद्र शिकोहपुर, पूर्व सरपंच सुंदरलाल यादव, नरायण यादव, गांव नखड़ौला, नवादा, नाहरपुर, रामपुरा, पंचगांव, मोकलवास के गांवों के गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Haryana

सोनीपत कोर्ट ने 9 दोषियों को सुनाई उम्रकैद:डबल मर्डर केस, 10 साल बाद आया फैसला, 1.05 लाख का जुर्माना, 2 की हो चुकी मौत

सोनीपत में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एएसजे) अशोक कुमार मान की कोर्ट ने 10 साल पुराने दोहरे हत्याकांड मामले में अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने मामले के 9 आरोपियों को दोषी करार दिया है। हत्या के अपराध में दोषी ठहराए गए सात आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है। इसके अलावा, दो अन्य दोषियों को अवैध शस्त्र अधिनियम के तहत क्रमशः पांच साल और छह माह की सजा सुनाई है। मामले की सुनवाई के दौरान दो आरोपियों की मृत्यु हो चुकी है। पूरा मामला क्या था? ​बता दें कि, यह हत्याकांड 14 नवंबर 2015 को हुआ था। गांव पिनाना निवासी देवेंद्र मलिक ने मोहाना थाना में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया था कि उनके भाई पवन और चचेरे भाई विक्की की गांव के अड्डे पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक विक्की, जो हत्या के एक मामले में सजायाफ्ता था और पैरोल पर बाहर आया था, उसे गांव भैंसवाल कलां के रंजीता से 30-35 हजार रुपए उधार लेने थे। जब विक्की ने रुपए लेने के लिए एक साथी को भेजा, तो रंजीता ने उससे बदतमीजी की। विक्की ने रंजीता को फोन पर इस दुर्व्यवहार की शिकायत की। रुपए देने के बहाने से बुलाया 14 नवंबर, 2015 को विक्की को पैरोल खत्म होने के बाद वापस जेल जाना था। विक्की अपने भाई पवन मलिक, मोनू उर्फ रविंद्र, भांजा अनिल (जींद निवासी) और साथी मोनू (मांडौठी निवासी) के साथ गांव के अड्डे पर था। तभी दो स्कॉर्पियो गाड़ियों में सवार होकर रंजीता सहित कुल नौ आरोपी वहां पहुंचे और आते ही ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दी। इस हमले में पवन और विक्की की मौके पर ही मौत हो गई। बाद में खुलासा हुआ कि रंजीता ने विक्की को रुपए देने के बहाने अड्डे पर बुलाया था और फिर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। ​अदालत का फैसला और सजा ​मोहाना थाना पुलिस ने इस मामले में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें से अभिलाष उर्फ कैरा और सुरेंद्र उर्फ सुंदरा की सुनवाई के दौरान मौत हो गई थी। अदालत ने शेष 9 आरोपियों को दोषी ठहराया और सजा सुनाई। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश अशोक कुमार मान ने दोषी रंजीता, प्रवीन उर्फ कच्छी, पंकज उर्फ पिंकू, पवन उर्फ पौना, तरुण, दिनेश उर्फ नेशा और शमशेर को हत्या (आईपीसी की धारा) के तहत दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई। साथ ही, इन सभी पर प्रत्येक को 1.05 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। ​शस्त्र अधिनियम में सजा ​गांव भैंसवाल निवासी धर्मेंद्र को अवैध शस्त्र अधिनियम के तहत पाँच साल कैद और 10 हजार रुपए जुर्माना की सजा सुनाई है। ​सिटावली निवासी प्रमोद को शस्त्र अधिनियम में छह माह कैद और दो हजार रुपए जुर्माना की सजा सुनाई गई।

Haryana

अंबाला में रिटायर्ड फौजी के घर से चोरी:13 तोले सोना, 12 तोले चांदी, 1.50 लाख ले गए चोर, विदेश गया था दंपती

अंबाला छावनी क्षेत्र में गुरुवार रात चोरों ने एक रिटायर्ड फौजी और डेयरी संचालक के घर पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने घर से करीब 13 तोले सोना, 12 तोले चांदी के गहने और 1.50 लाख रुपए नकद चोरी कर लिए। यही नहीं, अलमारी में रखे जरूरी दस्तावेज भी गायब मिले। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बाउंड्री फांदकर घर में घुसे चोर यह वारदात अंबाला छावनी के प्रभू प्रेम पुरम कॉलोनी की है। चोर गुरुवार देर रात बाउंड्री फांदकर घर में दाखिल हुए। उन्होंने दो दरवाजों के ताले तोड़े और फिर घर के अंदर घुस गए। चोरों ने अलमारी और लॉकर तोड़कर गहने व नकदी निकाल ली। चोरी का पता तब चला जब घर का मालिक शुक्रवार सुबह घर लौटा। परिवार ऑस्ट्रेलिया में, घर पर कोई नहीं था घर मालिक नविंदर सिंह, मूल रूप से गांव कोड़वा खुर्द के रहने वाले हैं। सेना से रिटायर होने के बाद उन्होंने अंबाला छावनी में डेयरी व्यवसाय शुरू किया था। उन्होंने प्रभू प्रेमपुरम कॉलोनी में गायत्री मंदिर के पास मकान बनाया हुआ है। उनका बेटा और बेटी ऑस्ट्रेलिया में रहते हैं। एक जून को वह अपनी पत्नी जसविंदर के साथ बच्चों के पास ऑस्ट्रेलिया गए थे। हालांकि, 15 जुलाई को वह भारत लौट आए थे, जबकि उनकी पत्नी वहीं रुक गईं। इस दौरान वह खेती-किसानी और डेयरी का काम देख रहे थे। गुरुवार को वह गांव में धान की फसल कटवाने गए थे। इसी बीच चोरों ने सुनसान घर को निशाना बना लिया। टूटी अलमारियां और बिखरा पड़ा मिला सामान शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे जब नविंदर सिंह घर लौटे तो उन्हें सबसे पहले मुख्य गेट के अंदर के दरवाजे का टूटा हुआ ताला दिखाई दिया। स्टोर रूम का गेट भी टूटा पड़ा था। घर में प्रवेश करते ही उन्होंने देखा कि अलमारियां खुली पड़ी हैं और सामान बिखरा हुआ है। लॉकर भी टूटा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवर और डेढ़ लाख रुपए नकद गायब हैं। दस्तावेज भी हुए चोरी नविंदर सिंह ने बताया कि चोर सिर्फ गहने और पैसे ही नहीं ले गए, बल्कि उनके महत्वपूर्ण दस्तावेज भी गायब हैं। इनमें पेंशन से संबंधित कागजात भी शामिल हैं। उन्हें शक है कि चोर ये दस्तावेज भी अपने साथ ले गए हैं, जिससे आगे कोई बड़ी साजिश भी हो सकती है। CCTV कैमरे थे खराब पड़ोसियों के घरों के बाहर लगे CCTV कैमरे लंबे समय से खराब पड़े थे। यही कारण रहा कि चोर वारदात को अंजाम देकर भी आसानी से निकल भागे और उनकी हरकत कैमरे में कैद नहीं हो सकी। अगर कैमरे चालू होते तो पुलिस को जांच में मदद मिल सकती थी। पुलिस ने की जांच शुरू घटना की सूचना मिलते ही थाना महेश नगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घर से साक्ष्य जुटाए और आसपास भी जांच की। फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस चोरी की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।

Haryana

यमुनानगर में साले की पत्नी भगा ले गया जीजा:दो साल पहले उसकी बहन से की लव-मैरिज, उधर महिला ने पति-बच्चों को पिलाई नशीली दवा

यमुनानगर में एक युवक साले की पत्नी को लेकर फरार हो गया। वहीं ननदोई के साथ भागने से पहले महिला ने अपने बच्चों, सास व पति के दूध में नशीली दवा मिलाकर पिलाई, जिससे वे बेहोश हो गए। मौके का फायदा उठाकर दोनों रात में अपने-अपने घर से करीब आठ लाख के गहने और अन्य सामान भी साथ ले गए। वहीं महिला अपनी तीन साल की बेटी को भी साथ ले गई। सुबह परिजनों की आंख खुली तो उनके होश उड गए। एक दूसरे को फोन कर उनके लापता होने की सूचना दी, जिसके बाद पता चला कि दोनों का आपस में अफेयर चल रहा था। आसपास तलाशने पर भी जब दोनों नहीं मिले तो थाने में जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में लापता होने की FIR दर्ज की है। पति को बोला आज शराब पी लो रजनीश ने बताया कि उसकी शादी सात साल पहले कंचन के साथ हुई थी, जिससे उसके पास दो बच्चें हैं, जिनमें एक लड़का ओर लड़की शामिल हैं। वहीं करीब दो साल पहले उसकी बहन मनीषा की गांव अमादलपुर निवासी विकास के साथ लव मैरिज हुई थी, जिससे उनके पास एक साल का बच्चा है। रविवार की रात को उसकी पत्नी कंचन ने बच्चों और मां को दूध गर्म करके उसमें नशीली दवा मिलाकर दी। इच्छा न होने पर भी उसने उन्हें यह जबरदस्ती पीने को कहा। वहीं उसी रात वह उसे पैसे देकर कह रही थी कि इन रुपए से जाकर शराब पी लो। जब उसने शराब पीने से मना किया तो उसने उसे आलू की सब्जी बनाकर दी, जिसमें भी नशीली दवा मिली हुई थी। दवा के असर से हम सब गहरी नींद में सो गई। दो साल पहले की थी लव मैरिज सुबह जब पांच बजे उसकी आंख खुली तो देखा कि घर पर उसकी पत्नी व तीन साल की बेटी गायब थी। घर जांचा तो अलमारी में रखे गहने जिनकी कीमत करीब चार लाख रूपए थी भी गायब थे। जब उसने पेटी में चैक किया तो पत्नी के डॉक्यूमेंट और उसकी शादी की शेरवानी व सेहरा भी वहां नहीं मिला। यह सारा सामान लेकर उसकी पत्नी कहीं चली गई थी। उधर रजनीश की बहन कंचन ने बताया कि उसकी दो साल पहले विकास के साथ लव मैरिज हुई थी। पिछले सप्ताह वह किसी काम से अपने मायके आई हुई थी, जिसके बाद रविवार की शाम करीब पांच बजे अपने मायके अमादलपुर लौटी तो वहां जाकर देखा कि उसका पति घर पर नहीं था। एक ही रात में दोनों के लापता होने से हुआ शक उसने रात तक उसका इंतजार किया, लेकिन वह नहीं लौटा। रात करीब 10 बजे उसने विकास को कॉल की तो सामने से वह बोला कि अभी किसी काम से सहारनपुर में हूं। सुबह पांच बजे तक घर पर आ जाऊंगा। इसके बाद वह सो गई। सुबह करीब पांच बजे उसके पास मायके से कॉल आई कि उसके भाई की पत्नी घर से कहीं चली गई है और साथ में जेवर, दस्तावेज और तीन साल की बच्ची को भी ले गई है। ऐसे में शक होने पर उसने अपने घर का सामान जांचा तो देखा कि अलमारी में रखे जेवर जिनकी कीमत करीब चार लाख रुपए के साथ-साथ पति के डॉक्यूमेंट और अन्य सामान गायब था। फोन करके देखा तो उसका नंबर स्विच ऑफ आ रहा था। उसने इस बारे तुरंत अपने मायके में बताया, जिस पर शक हुआ कि दोनों एक साथ भागे हैं। सीसीटीवी में रात को दहेज की बाइक पर जाते दिखे उन्होंने दिन में जब गांव में किसी के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरा को चैक किया तो उसने रात के दो बजकर 45 मिनट पर उसका पति व भाभी दहेज में मिली सीडी डीलक्स बाइक पर जाते हुए दिखाई दिए। वे इस मामले में शिकायत दर्ज कराने तुरंत पुलिस के पास पहुंचे, जिस पर उनके लापता होने का केस दर्ज हो चुका है। मनीषा ने बताया कि उन्हें दोनों पर आज तक कभी भी ऐसा शक नहीं हुआ कि उनके बीच में ऐसा कुछ हो सकता है। वहीं उसके उसका पति एक कंपनी में काम करता था। उसने जब वहां पूछताछ की तो पता चला कि दो दिन पहले उसके पति ने अपने पीएफ खाते से करीब 70 हजार रुपए भी निकलवाए हैं। उसके पति और भाभी के इस प्रसंग से उसका व उसके भाई का पारिवारिक जीवन खत्म हो गया है। वे चाहते हैं कि पुलिस दोनों को जल्द से जल्द पकड़कर सामने लाए। दोनों ने अपने मोबाइल उसकी दिन से स्विच ऑफ किए हुए हैं।

Haryana

करनाल की पुलिस अकादमी में पूर्व सैनिकों का दीक्षांत समारोह:जवानों ने निष्पक्षता से कार्य करने की ली शपथ, निदेशक रहे शामिल

हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन जिला करनाल के नेताजी सुभाष चन्द्र बोस दीक्षांत परेड स्थल में रिक्रूट बेसिक कोर्स बैच नंबर 93, पूर्व सैनिक के दीक्षांत समारोह में हरियाणा पुलिस अकादमी के निदेशक डा. अरशिंद्र सिंह चावला ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इनके प्रशिक्षण की अवधि 16 दिसंबर 2024 से 26 सितंबर 2025 तक रही। इसमें कुल 16 जवान शामिल है, जो सभी पूर्व सैनिक है। पुष्पा पुलिस अधीक्षक अकादमी ने स्वागत संबोधन व प्रशिक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत किया और उप पुलिस अधीक्षक अकादमी नरेश अहलावत ने धन्यवाद किया। हरियाणा सशस्त्र पुलिस मधुबन के उप महानिरीक्षक सुरिंद्रपाल सिंह व अकादमी के पुलिस अधीक्षक बलजिंद्र सिंह ने मुख्य अतिथि को स्मृति स्वरूप स्मृति चिन्ह भेंट किया। देशभक्ति की भावना से सेना में सेवाएं दी मुख्य अतिथि डा. अरशिंद्र सिंह चावला ने भव्य परेड में शामिल जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि सर्वप्रथम मैं दीक्षान्त समारोह में शामिल सभी पूर्व सैनिक जवानों व उनके परिजनों को बधाई देता हूं। हमें गर्व है कि आपने पुलिस विभाग में शामिल होकर एक बार फिर चुनौतीपूर्ण राह का चयन किया है। आप सभी बधाई के पात्र हैं। सभी पूर्व सैनिक जवानों ने जिस त्याग, समर्पण, बहादुरी, निडरता, अनुशासन और देशभक्ति की भावना से भारतीय सेना में सेवाएं दी है, मुझे विश्वास है कि उसी परंपरा का निर्वहन करते हुए हरियाणा पुलिस में शामिल होकर नागरिकों को शानदार सेवाएं देंगे। वर्दी का रंग बदला, कर्तव्य का बोध वही आपकी शानदार व भव्य परेड इस बात का प्रमाण है कि आपके व्यक्तित्व में पहले से ही शारीरिक क्षमता,अनुशासन और लीडरशिप के गुण विद्यमान हैं, जो उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों के लिए प्रेरणादायी हैं। इस बात को सदैव याद रखें कि आपकी गौरवशाली वर्दी का रंग भले ही बदल गया है, लेकिन कर्तव्य बोध वही रहेगा- समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करना। न्याय मुहैया करवाने के प्रति संकल्पबद्ध उन्होंने कहा कि यह परिवर्तन केवल सेवा का बदलाव नहीं है बल्कि दायित्व है। यदि यहां ये कहा जाए कि आपके पूर्व अनुभव व परिश्रम से सकारात्मक परिणाम आएंगे तो इसमें कोई अतिश्योक्ति न होगी। देश की लोकतांत्रिक पुलिस प्रणाली में लोकतांत्रिक पुलिस समाज में विश्वास, सुरक्षा व न्याय मुहैया करवाने के प्रति संकल्पबद्ध है। आशा है कि आप इन मापदंडों पर खरा उतरेगे। शपथ को सदैव याद रखेंगे जवान उन्होंने शपथ की ओर संकेत करते हुए कहा कि मुझे आशा ही नहीं बल्कि पूर्ण विश्वास है कि आज सत्यनिष्ठा, देशभक्ति, ईमानदारी और निष्पक्षता से कार्य करने की जो शपथ जवानों ने ली है, उसे सदैव याद रखेंगे। अपेक्षित मापदंडों पर खरा उतरेंगे, सकारात्मक उर्जा के साथ कार्य करेंगे और हरियाणा पुलिस के गौरव को ओर बढाएंगे। प्रशंसा पत्र व नकद राशि से सिपाही सम्मानित इस बैच में प्रथम स्थान पर रहे सिपाही कुलदीप सिंह चतुर्थ वाहिनी, द्वितीय स्थान पर रहे सिपाही दिनेश कुमार पंचम वाहिनी और तृतीय स्थान पर रहे सिपाही दीपक चतुर्थ वाहिनी को मुख्य अतिथि ने प्रथम श्रेणी प्रशंसा पत्र व नकद राशि देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में ये रहे शामिल हरियाणा सशस्त्र पुलिस मधुबन के उप महानिरीक्षक सुरिंद्रपाल सिंह, अकादमी के पुलिस अधीक्षक बलजिंद्र सिंह, पुष्पा खत्री, अकादमी के जिला न्यायवादी डा. सोहन सिंह, उप जिला न्यायवादी सुरेन्द्र कुमार, अकादमी के उप पुलिस अधीक्षक शरीफ सिंह, अकादमी के उप पुलिस अधीक्षक मनीषा, पास आउट हो रहे जवानों के परिजन, अतिथिगण व प्रशिक्षणार्थी व अकादमी स्टाफ उपस्थित रहा।

Haryana

हांसी एसपी ने बाजारों की सुरक्षा का लिया जायजा:दुकानदारों से सीधा संवाद, त्योहारों को लेकर मांगे सुझाव

हिसार जिले के हांसी में पुलिस अधीक्षक हांसी अमित यशवर्धन ने शुक्रवार को सुरक्षा दृष्टि से हांसी शहर का पैदल गश्त कर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने थाना शहर हांसी क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और स्थानीय निवासियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस हर समय तत्पर है। अपराधों पर अंकुश लगाना उद्देश्य गश्त का उद्देश्य क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति सुनिश्चित करना, नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और अपराधों पर अंकुश लगाना था। गश्त में थाना व चौकी प्रभारियों सहित बड़ी संख्या में पुलिस जवान भी शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने मुख्य बाजार, बस स्टैंड, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण किया। व्यापारियों और युवाओं से बातचीत निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुकानदारों, व्यापारियों और युवाओं से बातचीत की और पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए उनके सुझाव आमंत्रित किए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है कि प्रत्येक नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करे। पुलिस जनता की मित्र है और हमारा निरंतर प्रयास है कि अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ आमजन का पुलिस पर विश्वास भी सुदृढ़ हो। सुरक्षा का माहौल और बेहतर होगा उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और शिक्षा एवं खेल गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान देने की बात कही। स्थानीय निवासियों ने इस पहल की सराहना की और विश्वास जताया कि ऐसे प्रयासों से अपराधों में कमी आएगी और सुरक्षा का माहौल और बेहतर होगा।

Haryana

यमुनानगर में चलती कार में लगी आग:AC में हुआ था शॉर्ट सर्किट, ड्राइवर ने तुरंत नीचे उतरकर बचाई जान, मची अफरा तफरी

यमुनानगर शहर में शाम करीब सात बजे अग्रसेन चौक के नजदीक चलती कार में अचानक से आग लग गई। ऐसे में ड्राइवर गाड़ी को तुरंत रोका और नीचे उतरा। इतने में ही गाड़ी धूं-धूंकर जलने लगी, जिस वजह से आसपास अफरा तफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों अग्निशमन यंत्रों से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन नाकाम रहे। सूचना मिलते ही डायर 112 की टीम मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस दौरान सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। इस हादसे में कोई जान का नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह से जल गया है। गुरुग्राम जाने से पहले गाड़ी चैक करने लाया था जगाधरी बुडिया चौक निवासी अंकित गर्ग ने बताया कि उसे कल शनिवार को किसी काम से गुरुग्राम जाना था। इसलिए वह आज अपनी टाटा इंडिगो गाड़ी को चैक करने के लिए अग्रसेन चौक की तरफ लेकर आया था। जैसे ही वह चौक के नजदीक पेट्रोल पंप पर पहुंचा तो उसने देखा कि गाड़ी के एसी में से कुछ चिनगारी निकल रही थी और गाड़ी में एक दम से हीट बढ़ गई। गाड़ी थोड़ी और आगे चली तो उसके बोनट में से अचानक धुआं निकलने लगा। उसने तुरंत गाड़ी को वहीं खड़ा किया और उससे बाहर निकल गया। इतने में गाड़ी के इंजन में से लपटें उठने लगीं। आसपास के दुकानदारों ने अग्निशमन यंत्रों के साथ आग पर काबू पाने का प्रयास किया। इससे गाड़ी की लपटें तो शांत हुई, लेकिन इंजन अंदर से फिर भी जलता रहा। आग के कारण जाम हुआ कार का बोनट लोहे की रॉड से गाड़ी के बोनट को खोलने का प्रयास भी किया, लेकिन वह जाम हो चुका था। फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने मौके पर आकर आग पर काबू पा लिया है। अंकित ने बताया कि उसकी गाड़ी की सर्विस भी टाइम पर हो रखी है और पहले कभी ऐसी समस्या नहीं आई। हादसे में उसे किसी प्रकार की चोट नहीं आई है।

Haryana

गन्नौर में कल 200 मेधावी स्टूडेंटस होंगे सम्मानित:केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल पहुंचेगे; विद्यार्थियों को स्कूटी, टैबलेट और साइकिल दिए जाएगें

गन्नौर में शिक्षा और मेधावी स्टूडेंट को प्रोत्साहित करने का अनोखा प्रयास। देवा सोशल डेवलपमेंट सोसाइटी इस बार एक साथ दो वर्षों का युवा सम्मान समारोह आयोजित कर 200 होनहार विद्यार्थियों को पुरस्कार देगी। सोनीपत के गन्नौर में देवा सोशल डेवलपमेंट सोसाइटी द्वारा छठा और सातवां युवा सम्मान समारोह कल 27 सितंबर को बीएसटी ग्राउंड में सुबह 10 बजे आयोजित करेंगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर शामिल होंगे। यह कार्यक्रम पिछले वर्ष न हो पाने के कारण दो साल का समारोह एक साथ मनाया जा रहा है। गन्नौर के विधायक और सोसाइटी के संस्थापक देवेंद्र कादियान ने बताया समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। जानकारी देते हुए बताया कि इस बार 10वीं और 12वीं कक्षा के 200 होनहार विद्यार्थियों को विभिन्न पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा। चयनित विद्यार्थियों में 60 छात्र सरकारी स्कूलों से हैं। पुरस्कार वितरण का विवरण विद्यार्थियों में से 20 टॉपरों को स्कूटी, 80 को टैबलेट और 100 छात्रों को साइकिल देकर प्रोत्साहित किया जाएगा। इन पुरस्कारों का उद्देश्य छात्रों को शिक्षा और सफलता की ओर प्रोत्साहित करना है।विधायक कादियान ने कहा कि समाज में शिक्षा के महत्व और युवाओं में आगे बढ़ने की प्रेरणा देने के लिए यह कार्यक्रम हर साल आयोजित किया जाता है। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इन मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों का सम्मान करें।

Scroll to Top