Actionpunjab

Action Punjab Logo
Breaking News

Haryana

Haryana

करनाल में किसानों के बीच जमीन पर बैठे अजय:चौटाला बोले-मिलर की फाइल क्लियर करने रिश्वत की मांग, औने-पौने दामों पर बिक रही फसल

करनाल में किसानों ने नई अनाज मंडी के बाहर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के दौरान जेजेपी पार्टी प्रदेशाध्यक्ष अजय सिंह चौटाला किसानों के बीच जमीन पर ही बैठ गए। किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष रतनमान ने कहा कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होगी, भाकियू के प्रदर्शन इसी तरह से चलते रहेंगे। अजय सिंह चौटाला ने कहा कि किसानों की फसलों पर बाढ़ और बरसात की मार पड़ी, लेकिन उन्हीं फसलों को आज औने पौने दामों पर खरीदा जा रहा है। सरकार एमएसपी की बात कह रही है, लेकिन फसल को 300 से 400 रुपए प्रति क्विंटल कम दाम पर खरीदा जा रहा है। उन्होंने कहा कि मिलर की फाइल क्लियर करने के लिए दो-दो लाख रुपए की रिश्वत मांगी जा रही है। सरकार बिना पर्ची और खर्ची की बात कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है। हरियाणा में जंगल राज हो चुका है और कानून नाम की कोई चीज नहीं है। जनता के चुने हुए प्रतिनिधियों को विदेशों में बैठे गैंगस्टर धमकियां देते हैं। मुख्यमंत्री कहते है कि हमने उन लाेगाें को सिक्योरिटी दे दी, जिनको धमकी मिली थी। अब सवाल यह है कि उन लोगों को तो सिक्योरिटी दे दी, लेकिन आम जनता कहां पर सुरक्षित है। इनेलो और जेजेपी के विलय पर बोले अजय अजय चौटाला ने कहा कि भविष्य के गर्भ में क्या छिपा है, यह न तो मुझे पता है और न ही किसी ओर को। रणजीत चौटाला परिवार का एकजुट करने का प्रयास कर रहे हैं, इस पर अजय चौटाला ने कहा कि चौधरी रणजीत सिंह परिवार के मुखिया हैं, वे पहल करें, मैं उनके साथ हूं, मुझे बाकियों का नहीं पता, लेकिन मैं उनके साथ हूं। क्योंकि ओपी चौटाला मुखिया थे, उनके जाने के बाद अब चौधरी रणजीत सिंह मुखिया है। वो पहल करें मैं उनके साथ खड़ा हूं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पर कसा तंज अजय चौटाला ने व्यंग्य कसते हुए कहा कि देर आए दुरुस्त आए। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष चुन तो लिया, 11 साल में कांग्रेस ने संगठन बनाया है, अब प्रदेश में कांग्रेस के 37 विधायक होते हुए 11 महीने बाद प्रदेश अध्यक्ष और सीएलपी लीडर चुना गया है। कांग्रेस के ही लोग कुलदीप शर्मा, प्रोफेसर संपत सिंह जैसे नेता जिस तरह की भाषा का प्रयोग कर रहे है, मुझे तो कांग्रेस की जूतियों में खीर बंटती हुई नजर आ रही है। अडाणी और अंबानी चला रहे सरकार अजय चौटाला ने कहा कि अब तो अमित शाह ही बेहतर बता सकते है कि बीजेपी के राज में कहां विकास हुआ है? अगर विकास हुआ है, तो वह अडाणी और अंबानी का हुआ है। कहने को तो बीजेपी की सरकार है, लेकिन वास्तव में सरकार तो अडाणी और अंबानी चला रहे है। आज पूरे देश के पोर्ट, एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन तक अडाणी और अंबानी को दे दिए। करोड़ों और अरबों की संपति पर मॉल बनाए जा रहे है, प्रॉपर्टी बना रहे है।

Haryana

World Wrestling Championship: हरियाणा की आठ महिला पहलवानों का भारतीय टीम में चयन, सर्बिया में दिखाएंगी दम

विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में इस बार भारत से 10 महिला पहलवानों का चयन हुआ है जिनमें से आठ महिला पहलवान हरियाणा की हैं।

Haryana

दुष्यंत चौटाला ने इसराना मंडी में सुनी किसानों की समस्याएं:धान में नमी की जांच की; पोर्टल में गड़बड़ी पर उठाए सवाल

हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने रविवार को पानीपत जिले के इसराना हलके के बिजावा और मांडी गांवों का दौरा किया। इस दौरान वे इसराना की नई अनाज मंडी भी पहुंचे, जहां उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं और धान की नमी की जांच की। मंडी में चौटाला ने धान की ढेरी पर जाकर नमी की जांच की। उन्होंने मौके पर पाया गया कि धान में 16 प्रतिशत नमी थी, जो बिकने योग्य है। लेकिन इसके बावजूद धान की खरीदारी नहीं हो रही थी। किसानों ने चौटाला को बताया कि सरकार ने अब तक उनकी परेशानियों पर कोई ध्यान नहीं दिया है। उन्होंने पोर्टल में गड़बड़ी का मुद्दा भी उठाया, जिसके कारण किसानों को खरीद में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। किसानों की समस्याओं को लेकर की बात किसानों की समस्याएं सुनने के बाद दुष्यंत चौटाला ने मंडी सचिव पवन नागपाल से मंडी में आ रही दिक्कतों के बारे में जानकारी ली। सचिव नागपाल ने बताया कि मंडी में लिफ्टिंग का काम शुरू हो गया है और हैफेड द्वारा खरीद की जा रही है। मंडी में मौजूद किसान विनोद ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि पोर्टल के बिना उनकी धान की फसल मंडी में नहीं ली जा रही है। उन्होंने बताया कि उनके पास 40 एकड़ धान है, लेकिन पोर्टल पर केवल 915 क्विंटल दर्ज किया गया है, जो वास्तविक मात्रा से बहुत कम है। इस दौरान उनके साथ जिला प्रधान रामनिवास पटवारी, सरदार गुरु चरण सिंह, गीता देवी पालादी, सरिता मोर, अजय बिंजल, पप्पू त्यागी और बिजेंदर कादयान भी उपस्थित थे।

Haryana

फरीदाबाद में तेज रफ्तार बस मैट्रो पिलर से टकराई:दो वाहनों को टक्कर मारते बची, बस काटकर ड्राइवर को निकाला, एक दुकानदार भी घायल

फरीदाबाद के वाईएमसीए कॉलेज कट पर रविवार दोपहर करीब ढाई बजे एक प्राइवेट बस मेट्रो के पिलर से टकरा गई। बस का अगला हिस्सा पिलर में धंस गया। इसमें बस चालक फंस गया। पुलिस ने हाइड्रा के हिस्से को काटकर घायल चालक को निकाला। हादसे में एक रेहड़ीचालक भी घायल हो गया। हादसे का कारण तेज रफ्तार और ड्राइवर के नशे में होना माना जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शी ट्रैफिक पुलिस के हेड कांस्टेबल कैलाश के अनुसार, ड्राइवर तेज रफ्तार में लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। बताया जा रहा है कि घटना स्थल से करीब 300 मीटर पहले ही उसने एक कार और बाइक सवार को टक्कर मारते मारते बचा था। फिर भी तेज रफ्तार में चलाता रहा। पहले दीवार से टकराई फिर पिलर से बस वाईएमसीए कॉलेज कट पर पहुंची, पहले उसने सड़क किनारे यूटर्न लेने वाली दीवार से टक्कर मारी और फिर सीधे उल्टे हाथ पर बने मेट्रो के पिलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ड्राइवर साइड का हिस्सा पिलर में दब गया और चालक वहीं फंस गया। मौके पर पहुंची सेक्टर-7 पुलिस चौकी टीम ने हाइड्रा क्रेन की मदद से बस के हिस्से को हटवाकर ड्राइवर को बाहर निकाला। पुलिस इंचार्ज कृष्ण कुमार ने बताया कि ड्राइवर को गंभीर चोटें आई हैं और उसके पैर में फैक्चर हुआ है। उसे तुरंत सेक्टर-8 स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की चपेट में आया रेहड़ी चालक मेट्रो पिलर के पास छोले-कुलचे की रेहड़ी लगाने वाला भूदेव नाम का व्यक्ति भी बस की चपेट में आ गया। बस के पिलर से टकराने के दौरान उसका ठेला पलट गया और वह घायल हो गया। उसके सिर में गंभीर चोट आई है। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चालक के नशे में होने की आशंका पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टि में हादसे का कारण बस चालक की लापरवाही और नशे की हालत में वाहन चलाना माना जा रहा है। बस के मालिक को सूचना दे दी गई है, लेकिन फिलहाल उसने फोन रिसीव नहीं किया है। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Haryana

वाल्मीकि प्रकटोत्सव, कांग्रेस का बीजेपी पर हमला:दीपेंद्र बोले- विस चुनाव में जनभावना साथ थी, पर 22000 वोट से पिछड़ गए, यही वोट चोरी का तंत्र है

इसराना में महर्षि वाल्मीकि प्रकट दिवस पर आयोजित भव्य समारोह में मुख्य अतिथि सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि बीते चुनाव में जनभावना कांग्रेस के साथ थी, लेकिन वोट चोरी के तंत्र से हम 22,000 वोट से पिछड़ गए, नहीं तो सरकार हमारी होती। उन्होंने मुख्यमंत्री पर साम, दाम, दंड, भेद की नीति पर चलने का आरोप लगाया। उन्होंने सरकार के मंत्रियों के उस बयान का खंडन किया कि हरियाणा में विपक्ष नाम की कोई चीज नहीं है। उन्होंने कहा कि विपक्ष मजबूत है, क्योंकि विपक्ष के बिना सरकार काम नहीं कर सकती। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कांग्रेस अपनी लड़ाई मजबूती के साथ लड़ेगी और आने वाले समय में देश व प्रदेश में सरकार बनाएगी। कार्यक्रम का आयोजन पूर्व विधायक बलबीर सिंह वाल्मीकि ने किया। इसमें रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर 36 बिरादरी को एकजुट करने का प्रयास किया गया। वाल्मीकि ने दी आदर्श जीवन की शिक्षा, पर लोग स्वार्थ के हिसाब से चलते हैं सांसद ने कहा कि भगवान वाल्मीकि के सिखाए रास्ते पर आज भी संसार चल रहा है। उन्होंने रामायण की रचना कर समाज को आदर्श पुत्र, आदर्श पिता, आदर्श पति, आदर्श पत्नी और आदर्श भाई होने की शिक्षा दी थी। हालांकि, उन्होंने चिंता व्यक्त की कि आज के मानव की दिशा बदल रही है। लोग अपने स्वार्थ के हिसाब से चलते हैं। प्रदेश में राजनीतिक धोखाधड़ी के खिलाफ लड़ाई शुरू हुड्डा ने आगे कहा कि हरियाणा में राजनीतिक धोखाधड़ी के खिलाफ लड़ाई शुरू हो चुकी है। यह धर्म के नाम पर स्वार्थ की राजनीति के विरुद्ध एक संघर्ष है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ महापुरुष सच्चाई और ईमानदारी की लड़ाई का व्याख्यान करते हैं, लेकिन उनकी बातों को नजरअंदाज किया जाता है। उन्होंने हाल ही में हुए चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि जनभावना उनके साथ थी, लेकिन पूरे हरियाणा में कांग्रेस 22,000 वोटों से पिछड़ गई। हुड्डा ने इसे ‘वोट चोरी का तंत्र’ बताया और मुख्यमंत्री पर चुनाव परिणाम आने से एक दिन पहले ही जीत की घोषणा करने का आरोप लगाया। बुढ़ापा पेंशन 6000 करने की मांग उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने जनता की भावना का आदर नहीं किया और ‘साम, दाम, दंड, भेद’ के आदेश पर चल रहे हैं। हुड्डा ने कहा कि वे चाहते हैं कि आने वाले समय में सच्चाई की जीत के साथ सरकार बने, हरियाणा में रोजगार पैदा हो और बुढ़ापा पेंशन 6,000 रुपये से अधिक की जाए।

Haryana

जींद के दनोदा से शुरू हुई सद्भाव यात्रा: पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह ने दिखाई हरी झंडी; हुड्डा गुट ने दूरी बनाई

पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह व पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह ने प्रदेश में सामाजिक भाईचारे को बढ़ावा देने लिए सद्भाव यात्रा रविवार को दनाेदा के बिनैन खाप चबूतरे से शुरू की है।

Haryana

अनिल विज बोले- कांग्रेस विदेशी पार्टी, भाजपा देसी पार्टी:कहा- हम भारत की तरक्की के लिए काम करते है, केजरीवाल को भी दी दो-टूक नसीहत

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने रविवार को कांग्रेस और उसके नेताओं पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक विदेशी पार्टी है जिसका जन्म एक अंग्रेज ए.ओ. ह्युम ने किया था, इसलिए इसे अंग्रेजों की औलाद कहा जा सकता है। वहीं भाजपा को विज ने “देसी पार्टी” बताते हुए कहा कि यह पार्टी दिन-रात भारत की तरक्की और जनता की सेवा के लिए काम कर रही है। दरअसल, आज अंबाला में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अनिल विज ने कोलंबिया में राहुल गांधी द्वारा आरएसएस पर दिए गए बयान को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को विदेश जाकर देश को नीचा दिखाने की आदत है। “भारत में प्रजातंत्र है, यहां हर किसी को बोलने की आज़ादी है, लेकिन राहुल गांधी भारत में रहकर सरकार की नीतियों पर बात करने के बजाय विदेशों में जाकर देश को बदनाम करते हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।” विज बोले- आरएसएस के जुड़ने पर गर्व विज ने कहा कि उन्हें गर्व है कि वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े हैं, क्योंकि आरएसएस से ही राष्ट्रवाद, चरित्र निर्माण और सेवा का मार्गदर्शन मिलता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की सोच अंग्रेजों वाली है, जबकि भाजपा देश की मिट्टी से जुड़ी हुई पार्टी है, जो भारत के विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में लगातार काम कर रही है। केजरीवाल पर भी साधा निशाना आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल के गोवा में दिए बयान जिसमें उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस की मिलीभगत से सरकार चल रही है पर भी अनिल विज ने तंज कसा।विज ने कहा, “केजरीवाल जी, आप अपनी पार्टी के प्रमुख हैं, इसलिए इधर-उधर की बात छोड़िए और अपने पंजाब की हालत देखिए। पंजाब बेहाल है, वहां की जनता परेशान है।” उन्होंने मुस्कराते हुए कहा, पंजाब क्यों बेहाल है, तू उसका कर ले ख्याल, तू इधर-उधर न भटक, पंजाब का कर ले ख्याल। उन्होंने कहा कि पंजाब की सरकार आम आदमी पार्टी की है, लेकिन हालात दिन-ब-दिन खराब होते जा रहे हैं। “पहले अपने राज्य को सुधारिए, फिर दूसरों पर आरोप लगाइए,” विज ने कहा। सुरजेवाला को कहा हताश कवि कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला द्वारा भाजपा सरकार पर किसान विरोधी नीतियों के आरोप और सोशल मीडिया पर किए गए कुछ ट्वीट्स पर भी मंत्री विज ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, “सुरजेवाला एक हताश कवि की तरह लग रहे हैं, जो वैसे गीत लिख रहे हैं जैसे कोई डिप्रेशन में लिखता है।” विज ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार केंद्र और प्रदेश दोनों स्तरों पर किसानों के हित में लगातार काम कर रही है। “आज किसानों की फसल की खरीद पूरी पारदर्शिता से हो रही है और किसानों के खातों में सीधे पैसा जा रहा है,” उन्होंने कहा। मंत्री ने कांग्रेस सरकार के दौर को याद करते हुए कहा कि तब किसानों को अपने ही पैसे आढ़तियों से निकलवाने के लिए संघर्ष करना पड़ता था। “कांग्रेस सरकारों ने किसानों को केवल वादे दिए, जबकि भाजपा ने किसानों के हितों को प्राथमिकता दी है।”

Haryana

HSVP ने बदले ई-नीलामी के नियम: रद्द भूखंडों की 2 माह में फिर से होगी बोली, सरेंडर वाली राशि में भी होगी कटाैती

हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने ई-नीलामी के नियमों में बदलाव किया है।

Scroll to Top