महेंद्रगढ़ में डीसी मनोज कुमार का ग्रामीणों से सीधा संवाद:जिला प्रशासन का रात्रि ठहराव, 36 समस्याओं पर हुई सुनवाई
हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले में जिला प्रशासन की ओर से रात्रि ठहराव कार्यक्रम का प्रत्येक माह आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सोमवार को गांव पालड़ी पनिहारा में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने न केवल ग्रामीणों की समस्याएं सुनी, बल्कि गांव के विकास से जुड़े ग्रामीणों के सुझावों को भी सुना। इस मौके पर 36 समस्याओं की सुनवाई की गई। सरकार का संकल्प, जनता द्वार पहुंचे प्रशासन कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम केवल एक प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि सरकार का यह संकल्प है कि प्रशासन जनता के द्वार तक पहुंचे और उसकी समस्याओं को समझे। उन्होंने कहा कुछ समस्याएं ऐसी होती हैं, जिनका स्थानीय स्तर पर समाधान संभव होता है, ऐसे में ग्रामीण एकजुटता के साथ ग्रामीण विकास में सहभागी बने। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जन शिकायतों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। कई गांवों के लोगों की सुनी समस्याएं कार्यक्रम में पालड़ी पनिहारा के अलावा आसपास के गांवों से आए ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं जैसे सड़क, जल निकासी, बिजली, गलियों का निर्माण आदि समस्याओं पर खुलकर चर्चा की। डीसी ने मौके पर सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश देकर कई समस्याओं का तुरंत समाधान कराया। इससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति विश्वास और गहरा हुआ। कार्यक्रम में 36 ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखी। गांव के किसान गजराज सिंह को एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी द्वारा बाजरे की उत्तम खेती करने में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर उपायुक्त महोदय ने उनको प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। स्टॉल लगाकर योजनाओं की दी जानकारी रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जागरूकता स्टॉल लगाए गए, जिनमें स्वास्थ्य, सामाजिक न्याय, शिक्षा, पशुपालन व बिजली विभाग प्रमुख रहे। डीसी ने सभी विभागों की सरकार की जनहितकारी नीतियों को दर्शाती प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए आमजन को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ ने ग्रामीणों को साइबर फ्रॉड से बचाव तथा नशामुक्त जीवन की आवश्यकता पर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि अपराधों से बचाव के लिए समाज को सजग रहना जरूरी है और किसी भी फ्रॉड की स्थिति में तुरंत 1930 नंबर पर शिकायत करें। इसके अलावा 112 की जानकारी दी। कार्यक्रम में ये रहे शामिल इस अवसर पर जिला परिषद के कार्यकारी अधिकारी उदय सिंह, एसडीएम कनिका गोयल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेन्द्र सारवान, तहसीलदार अजय कुमार, खण्ड विकास एवं पंचायत अधिकारी नवदीप सिंह, खण्ड शिक्षा अधिकारी अलका सहित गाँव की सरपंच माया देवी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।









