कुरुक्षेत्र में 40 महिलाओं से 24 लाख की ठगी:बैंक से लोन दिलाया, जमा नहीं करवाई किस्तें, मैसेज आया तो फूटा भांडा
कुरुक्षेत्र के झिमरेहड़ी गांव की 40 महिलाओं को कैनरा बैंक की लोन स्कीम के नाम पर ठगा गया। गांव के एक दंपती ने महिलाओं के 8 ग्रुप बनाकर हर महिला 50 हजार रुपए का लोन दिलवाया, लेकिन दंपती ने लोन की किस्त बैंक में जमा नहीं करवाई। आरोपी दपंती गांव की महिलाओं का करीब 24 लाख रुपया लेकर फरार हो गया। करीब 2 साल बाद बैंक की ओर से महिलाओं को पैसे जमा करवाने का नोटिस आया तो ठगी का पर्दाफाश हो गया। पीड़ित महिलाओं ने मामले की शिकायत कुरुक्षेत्र SP को दी। SP नीतिश अग्रवाल ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। फाइल के नाम पर 4 हजार हड़पे निशा, मिनाक्षी, नेहा, ममता, बबली और रमनदीप कौर ने बताया कि गांव ही गुरप्रीत कौर और उसके पति जसपाल सिंह ने उन्हें कैनरा बैंक पिपली ब्रांच से ग्रुप लोन स्कीम के जरिए हर महिला को 50 हजार रुपए दिलाने का भरोसा दिया। इसके लिए उसने 5 महिलाओं को जोड़कर कुल 8 ग्रुप बनाए। इस एवज में दंपती उनसे 200 रुपए फॉर्म भरने और फाइल खर्च के बहाने 4 हजार रुपए ले गए। हर ग्रुप को मिले ढाई लाख रुपए आरोपी दंपती ने शुभम, तेवर, तपस्वी, नित्या, कामना, सुरेखा समेत कुल 8 ग्रुप बनाए। हर ग्रुप में 5 महिलाओं को शामिल किया, जिसमें प्रत्येक ग्रुप को बैंक की तरफ से ढाई लाख रुपए का लोन दिया गया। इसमें हर एक महिला के हिस्से 50 हजार रुपए आए। हर महीने की 2600 की किस्त बनाई इस लोन को चुकाने के लिए उनकी हर महीने की 2600 रुपए की किस्त बनाई गई। जिसमें उनको कुल 23 महीने तक किस्तें भरनी थी। उन्होंने भरोसा करके हर महीने आरोपी दंपती को 2600 रुपए की किस्त जमा करनी शुरू कर दी। 2 साल बाद आया मैसेज उन सबने अपनी-अपनी 2600 रुपए महीने की 23 किस्तें दंपती के पास जमा करवा दी। अब कुछ दिन पहले ही उनके पास बैंक की तरफ से लोन के पैसे जमा करवाने का मैसेज आया। तब उन्होंने आरोपी दंपती के साथ बातचीत की। आरोपी ने तब टालमटोल कर दी। NOC के नाम पर गुमराह किया रमनदीप कौर ने बताया कि दोबारा मैसेज आया तो आरोपी दंपती ने कुछ दिन में NOC जारी करवाने का आश्वासन दिया। कुछ दिन बाद फिर बैंक से महिलाओं के पास दोबारा मैसेज आने लगे। इस बार भी आरोपी टालमटोल करने लगे। तब उन्होंने बैंक जाकर पता किया तो लोन उनके नाम खड़ा था। 24 लाख लेकर फरार आरोपी उनकी किस्तों के करीब 24 लाख रुपए ठग लिए। रुपए वापस मांगने पर आरोपी दंपती उनके साथ गाली-गलौच पर उतर आया और जान से मारने की धमकी दी। महिलाओं ने बैंक के कर्मियों पर भी आरोपियों के मिलीभगत करने के आरोप लगाए हैं। थाना सदर थानेसर पुलिस को भेजी जांच रमनदीप कौर ने बताया कि उन्होंने मामले की शिकायत SP ऑफिस में दी है। पुलिस अधिकारियों की ओर से निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन मिला है। थाना सदर थानेसर पुलिस को जांच सौंपी गई है।









